नई दिल्ली. मौसम विभाग ने दिल्ली समेत 17 राज्यों में अगले तीन दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है. आईएमडी के अनुसार आने वाले 2-3 दिनों में भारी बारिश का अनुमान है. हरियाणा में 8 अक्टूबर और 9 अक्टूबर को जबकि यूपी, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में 11 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी. जानकारी के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मॉनसून के बाद भी बारिश हो रही है. चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र तटीय आंध्र प्रदेश और आस-पास के क्षेत्रों पर बना हुआ है. एक ट्रफ रेखा चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से तेलंगाना, विदर्भ, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है. दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है.
मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों ठाणे, पालघर और कोंकण क्षेत्र के लिए अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. आठ और 9 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 9 और 10 अक्टूबर को ओडिशा, बिहार को भारी बारिश हो सकती है. आठ से 11 अक्टूबर के दौरान आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश हो सकती है. उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 9 और 10 अक्टूबर को बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 9 से 11 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान है.10 से 11 अक्टूबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश की आशंका है.
https://बहुत जल्द देश में दौड़ेगी पहली बुलेट ट्रेन, रेल मंत्री ने किया ऐलान









