नई दिल्ली. पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में बेटी के लव मैरिज करने से खफा परिजनों ने उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद कार से उसका शव लेकर परिजन 80 किलोमीटर दूर गए और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले की जावा नहर में ठिकाने लगा आए. इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब युवती के पति ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में लिखवाई. पुलिस के मुताबिक रवीन्द्र चौधरी अपने परिवार के साथ न्यू अशोक नगर में रहते थे. उनकी बेटी शीतल चौधरी को पड़ोस में रहने वाले अंकित भाटी से प्यार हो गया था. शीतल और अंकित ने लगभग तीन साल तक रिश्ते में रहने के बाद पिछले साल अक्टूबर में आर्य समाज मंदिर पहुंचकर चुपके से शादी कर ली थी. शीतल के शादी कर लेने की भनक परिजनों को जैसे ही लगी, सभी ने उसे समझाने की पूरी कोशिश की.
http://IndvsNZ : दूसरे दिन स्टंप्स तक न्यूजीलैंड 216/5, 51 रनों की बढ़त
जब वह अपने फैसले पर अड़ी रही, तब खफा परिजनों ने 30 जनवरी की रात गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. बाद में युवती के शव को अलीगढ़ की एक नहर में फेंक दिया. जब युवती के पति ने उसे फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया, जिसके चलते उसने न्यू अशोक नगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने जब शीतल के परिवार वालों से पूछताछ की तो उन्होंने यह कहकर टाल दिया कि वह अपने किसी रिश्तेदार के यहां गई है. लेकिन वह वहां भी नहीं मिली. जब पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने परिवार वालों की कॉल डिटेल निकाली तो परिवार शक के घेरे में आ गया. शक के आधार पर जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो शीतल की हत्या का राज खुल गया. दिल्ली पुलिस ने जब अलीगढ़ पुलिस से संपर्क किया, तो यह खुलासा हुआ कि 30 जनवरी के दिन एक लाश मिली थी, जिसकी शिनाख्त नहीं होने पर 2 फरवरी को अंत्येष्टि भी कर दी गई. उसके कपड़े, कुछ सामान और तस्वीर के सहारे दिल्ली पुलिस ने उसकी शिनाख्त शीतल चौधरी के रूप में की. पुलिस ने आरोपी माता-पिता के साथ ही ताऊ, फूफा और उनके बेटे को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
http://नदी में गिरी तेज रफ्तार कार, एक मृत, एक की तलाश जारी