रायपुर. भारतीय जनता पार्टी ने धान खरीदी का समय बार-बार आगे बढ़ाने के प्रदेश सरकार के फैसले का कड़ा प्रतिवाद किया है. पार्टी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के इस रवैये से साफ हो रहा है कि वह किसानों के प्रति जरा भी संवेदनशील नहीं है. भाजपा ने प्रदेश सरकार से धान खरीदी हर हाल में 15 नवंबर से ही शुरू करने की मांग की है. भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पूनम चन्द्राकर ने कहा कि 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल धान हर वर्ष खरीदने का वादा करके सत्ता में आई कांग्रेस अब अपने वादे से मुंह चुराने का काम कर रही है. किसानों का हर तरह का हर कर्ज माफ करने की गंगाजल हाथ में लेकर कसमें खाने वाले कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों के कर्ज माफ करने में छलावा किया और अब बकाया बोनस भुगतान की बात भी नहीं कर रहे हैं.
http://अब पंच ही चुनेंगे सरपंच, सरपंचों को राइट टू रिकाल से नहीं हटा सकेंगे
प्रदेश सरकार अब धान खरीदी से बचने के लिए नित-नए स्वांग कर रही है. कांग्रेस के नेता और मदांध सत्ताधीश यह न भूलें कि भाजपा उन्हें उनके वादे पूरे करने के लिए बाध्य करने का दमखम रखती है. श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा शासनकाल में छत्तीसगढ़ के किसानों का धान बिना नागा हर साल एक नवंबर से खरीदा जाता था लेकिन प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार ने पहले 15 नवंबर और अब एक दिसंबर से धान खरीदने की घोषणा की है. उन्होने कहा कि खुद को किसान बताने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को क्या इस बात का जरा भी इल्म नहीं है कि फसल कटाई के बाद किसानों को अपनी उपज का धान सुरक्षित रखने में कितनी दिक्कतों से जूझना पड़ता है फिर उनकी उपज के धान का वजन सूखत के चलते भी कम होगा, जो किसानों के लिए बेहद नुकसानदेह साबित होगा. भाजपा शासन में किसानों को उनकी उपज का भरपूर दाम मुहैया कराने के लिए एक नवंबर से ही हर साल धान खरीदी शुरू की जाती थी, लेकिन मौजूदा कांग्रेस सरकार को किसानों की जरा भी फिक्र नहीं है.
http://नए अवतार में लॉन्च हुई Hyundai i20 Active, जानिए कीमत और फीचर्स







