पिथौरा. जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिजेमाल में नए पंचायत सचिव के प्रभार लेने के बाद सरपंच एवं पूर्व सचिव ने करीब डेढ़ लाख रुपए का अवैध आहरण कर लिया है. वर्तमान सचिव द्वारा पूरे मामले की जानकारी स्थानीय जनपद सीईओ को देने के बाद सीईओ द्वारा पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं. ज्ञात हो कि 14वें एवं 15वें वित्त योजना मद में जारी फंड में गड़बड़ी के अनेक मामले सामने आ चुके हैं. पर अब तक किसी भी मामले में सरकारी कार्रवाई सुनने नहीं मिली है. जानकारी के अनुसार विकासखण्ड के दूरस्थ ग्राम पंचायतों में लगातार गड़बड़ी की खबरों के बीच अब नए पदस्थ पंचायत सचिव की जानकारी के बगैर ही पूर्व सचिव द्वारा सरपंच से मिलकर करीब डेढ़ लाख रुपए का आहरण दोनों के डिजिटल हस्ताक्षर से कर लिए गए.
http://गरीब विद्यार्थियों के लिए भेजी कीड़ों वाली सोया बड़ी, शिकायत पर आनन-फानन में रोका गया वितरण
इस संबंध में नवपदस्थ ग्राम पंचायत सचिव सुखसागर जगत से सम्पर्क किया गया. उन्होंने बताया कि उनकी पदस्थापना सचिव बिजेमाल के पद पर हुई है. इस पद पर उन्होंने विगत 27 फरवरी को प्रभार सम्भाल लिया था पर अचानक नए मार्च माह के पहले ही दिन सरपंच एवं स्थानांतरित सचिव ने अपने डिजिटल हस्ताक्षर का उपयोग करते हुए 15वें वित्त मद से एक लाख चालीस हजार रुपए निकाल लिए. बाद जब वे पंचायत की पासबुक इंट्री करवाने बैंक गए तब उन्हें उक्त बड़े आहरण का पता चला. बाद उन्होंने नियमानुसार पिथौरा सीईओ को एक आवेदन के माध्यम से मामले से अवगत करवा दिया है.
http://धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, तीन की मौत, दो घायल
जांच कराई जा रही : सीईओ
इधर, स्थानीय जनपद के मुख्यकार्यपालन अधिकारी प्रदीप प्रधान ने इस प्रतिनिधि को बताया कि उक्त मामले की जानकारी उन्हें है. वे इसकी जांच करवा रहे हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उक्त संबंध में बिजेमाल सरपंच से चर्चा हेतु सम्पर्क का प्रयास किया गया पर उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया जिससे उनका पक्ष नहीं लिया जा सका. बहरहाल, क्षेत्र की अनेक ग्राम पंचायतों में इस तरह के मामले सामने आने, उच्च अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी नतीजा सिफर रहने के कारण अब इस विभाग में भी गड़बड़ियों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं.







