नई दिल्ली. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विधानसभा इलाके के एक प्राइवेट रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई. पांच दिन पहले वह लापता हो गई थी. पुलिस ने इस हत्याकांड में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और सहायक मैनेजर अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक मामले को लेकर पौड़ी के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऋषिकेश-चीला मोटर मार्ग पर स्थित गंगा भोगपुर क्षेत्र में एक रिजॉर्ट है. अंकिता इसी रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी.19 सितंबर को अंकिता जब घर नहीं पहुंची तो उसके माता-पिता ने राजस्व पुलिस चौकी उदयपुर तल्ला में मुकदमा दर्ज कराया था.
https://स्कूली शिक्षकों को शिक्षा सत्र के अंत तक पात्रतानुसार मिलेगी पुनर्नियुक्ति
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और गुरुवार को उसकी जांच लक्ष्मणझूला पुलिस थाने को सौंपा दी. पुलिस ने मामला दर्ज होते ही छापेमारी की और 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो वे टालमटोल करने लगे. इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस को पूरी तरह भ्रमित करने की कोशिश की. लेकिन, पुलिस ने जब उनसे सख्ती से पूछताछ की तो वे टूट गए और हत्या का सारा राज खोल दिया. आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अंकिता की पहले हत्या की और फिर उसका शव चीला नहर में फेंक दिया. पुलिस इस नहर से मृतिका का शव तलाश कर रही है. मुख्य आरोपी पुलकित आर्य हरिद्वार के भाजपा नेता विनोद आर्य का पुत्र बताया जा रहा है जो पूर्व में दर्जाधारी राज्य मंत्री भी रह चुके हैं.









