नई दिल्ली. चक्रवाती तूफान ‘असानी’ पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी में रफ्तार पकड़ता हुआ आगे बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मंगलवार यानी 10 मई को ‘असानी’ के उत्तर आंध्र-ओडिशा तटों से पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में पहुंचने पर, उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ने की संभावना है. चक्रवात असानी का असर पोर्ट ब्लेयर, विशाखापट्टनम और पुरी में देखने को मिल सकता है. असानी की वजह से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. मौसम विज्ञान विभाग ने जानकारी दी कि कोलकाता में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं. असानी तूफान के कारण 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की उम्मीद है.
https://‘पृथ्वीराज’ का ट्र्रेलर रिलीज, अक्षय के प्यार के रंग में रंगी नजर आईं मानुषी
ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त पीके जेना के मुताबिक, चक्रवात ‘असनी’ वर्तमान में दक्षिण पूर्व अंडमान में है, जो उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है.10 मई तक इसी दिशा में ओडिशा के समानांतर आगे बढ़ेगा. जो 11 मई की शाम तक पुरी के दक्षिण में पहुंचेगा. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘असानी’ सोमवार को 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा की ओर बढ़ रहा है. चक्रवाती तूफान असानी का असर ओडिशा के अलावा बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही मछुआरों को समंदर किनारे ना जाने की सलाह दी गई है.









