नई दिल्ली. आईपीएल 2020 के शुरू होने से पहले ही राजस्थान रॉयल्स की टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के फील्डिंग कोच दिशांत याग्निक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. राजस्थान रॉयल्स के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस खबर की पुष्टि की गई है. राजस्थान रॉयल्स के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया- हमारे फील्डिंग कोच दिशांत याग्निक कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं. अभी तक फ्रेंचाइजी के बाकी सभी सदस्य कोविड-19 टेस्ट में निगेटिव पाए गए हैं. फील्डिंग कोच 14 दिन के लिए क्वारंटीन हो गए हैं. दिशांत याग्निक इस समय अपने गृह शहर उदयपुर में हैं. वो वहां के अस्पताल में 14 दिन क्वारंटीन में रहेंगे. 14 दिन के बाद फील्डिंग कोच का फिर से टेस्ट कराया जाएगा.
http://VIDEO : मां ने बेटे से कहा- ‘दुआ करो 15 तारीख से स्कूल खुल जाएं’, सुनते ही रोने लगा बच्चा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने फ्रेंचाइजी टीमों को आईपीएल के 13वें सीजन के लिए एसओपी सौंप दी है. आईपीएल की सभी टीमें 20 अगस्त के आस-पास यूएई के लिए रवाना होने वाली हैं. फ्रेंचाइजी ने बीसीसीआई द्वारा अनुशंसित दो टेस्ट के अलावा, यूएई की यात्रा करने वाले सभी खिलाड़ियों, सहायक कर्मचारियों और प्रबंधन के लिए एक अतिरिक्त टेस्ट लागू किया है. बोर्ड के नियम के अनुसार 14 दिनों के बाद दिशांत को दो टेस्ट से गुजरना होगा. दो निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद उन्हें छह दिनों के लिए यूएई जाने से पहले आइसोलेशन में रहना होगा. आईपीएल 2020 का आगाज 19 सितंबर से होगा. सभी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ को बायो-सिक्योर बबल में रहना होगा. यूएई जाने से पहले हर एक खिलाड़ी और स्टाफ का पांच बार कोरोना टेस्ट होगा. सभी खिलाड़ी दो टेस्ट अपने शहर में कराएंगे. निगेटिव रिपोर्ट के बाद टीम से जुड़ेंगे.











