नई दिल्ली. हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी20 में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही तीन मैचों की टी20 सीरीज टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम कर ली. भारत ने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 साल बाद टी20 सीरीज जीती है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 186 रन बनाए और भारत के सामने सीरीज जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य रखा. जवाब में टीम इंडिया ने 19.5 ओवरों में 187 रन बनाते हुए 6 विकेट से ये मैच जीत लिया. टीम इंडिया के लिए स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए. सूर्यकुमार यादव के अलावा विराट कोहली ने 63 रनों की पारी खेली. हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों पर 25 रन बनाए.
https://अति आवश्यक सेवाओं के लिए हो डीएमएफ मद का इस्तेमाल : मुख्यमंत्री
आखिरी ओवर में हार्दिक पांड्या ने चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई. इससे पहले टिम डेविड और सलामी बल्लेबाज कैमरन ग्रीन के तूफानी अर्धशतक से ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 186 रन बनाए. टिम डेविड ने 27 गेंदों में चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 54 रनों की पारी खेली, जबकि ग्रीन ने 21 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए. टिम डेविड ने डेनियल सैम्स (20 गेंद में नाबाद 28, दो छक्के, एक चौका) के साथ सातवें विकेट के लिए 68 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. भारत की ओर से अक्षर पटेल ने 3 विकेट, युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ने 1-1 विकेट लिया.











