रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में दो दिवसीय कलेक्टर व एसपी कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जिलों के कलेक्टर व एसपी कानून व्यवस्था पर कड़ी नजर रखें. उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि विजिबल पुलिसिंग नजर आनी चाहिए और अपराधों की रोकथाम करते हुए केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई न करें और आंकड़े न देकर ठोस कार्ययोजना को अंजाम दे. चिटफंड के मामलों में धीमी कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और चिटफंड कंपनियों पर तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राज्य के भीतर एवं पड़ोसी राज्यों से आने वाले नशीले पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखें और इनकी तस्करी को जड़ से खत्म करें. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अवैध शराब मिलने की घटनाओं पर कड़ी नाराजगी भी जाहिर की.
https://बहुत जल्द देश में दौड़ेगी पहली बुलेट ट्रेन, रेल मंत्री ने किया ऐलान
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन जुआ पर भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए. मुख्यमंत्री ने महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि महिला एवं बच्चों से सम्बंधित अपराधों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि अनूसूचित जाति, जनजाति के विरुद्ध अपराधों पर पीड़ित को सहायता राशि शीघ्रता से उपलब्ध कराएं और चाकूबाजी की घटनाओं पर भी तेजी से कार्रवाई करें. उन्होंने कहाकि ऐसी घटनाएं बिल्कुल भी ना हों और अपराधियों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएं. उन्होंने विजिबल पुलिसिंग पर फोकस करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी एसपी स्वयं रात्रि गश्त में निकलें. उन्होंने कहा कि महिलाओ के विरुद्ध अपराधों को रोकने के लिए राज्य में जल्द ही महिला गश्त पीसीआर वाहनों की शुरूआत की जाएगी.







