खरसिया. वैश्विक महामारी को लेकर लॉकडाउन की स्थिति में सुबह होते ही सैकड़ों हाथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए उठ रहे हैं, वहीं सैकड़ों समाजसेवी आंखें यह देखने के लिए निकलती हैं कि किस घर में चूल्हा नहीं जल पाया. शासन-प्रशासन मुस्तैदी से लॉकडाउन को सफल बना रहा है, वहीं प्रशासन द्वारा नियमों की अनदेखी एवं निर्धारित दरों से अधिक पर विक्रय करने वाली दुकानों पर कार्रवाई भी की जा रही है. पुलिस प्रशासन विशेष रूप से अपनी भूमिका निभाते हुए हर भूखे व्यक्ति तक खाना पहुंचा रहा है, कठिनाई की इस घड़ी में हर कोई अपने दायित्वों पर खरा उतरता देखा जा रहा है.
http://इस गांव का नाम है कोरौना, सुनते ही लोग ग्रामीणों से बना लेते हैं दूरी
मूक पशुओं के लिए भी हुआ चारे का इंतजाम
मंत्री उमेश पटेल के निर्देश पर पालिकाध्यक्ष राधा सुनील शर्मा के द्वारा पूरे नगर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, डीडीटी का छिड़काव तथा फॉगिंग मशीन का इस्तेमाल लगातार किया जा रहा है. वहीं मंगलवार से प्रारंभ हो रहे पीडीएस राशन वितरण को लेकर समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि प्रत्येक हितग्राही को पूरा राशन प्राप्त हो सके. इस कार्य के लिए पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील शर्मा स्वयं जुटे हुए हैं, साथ ही प्रत्येक पार्षद को निर्देशित कर दिया गया है. वहीं पशुओं की पीड़ा समझते हुए शर्मा द्वारा जगह-जगह चारे एवं पानी का इंतजाम किया गया है, इस पुनीत कार्य हेतु हर कोई विशेष प्रशंसा कर रहा है.
http://लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं एवं सब्जियों के दाम जानने सड़क पर उतरे सीएम
सार्थक हो रहा धर्मनगरी का नाम
खरसिया नगर को बहुतेरे लोगों द्वारा धर्म नगरी कहा जाता है, देखा जा रहा है कि अपने इस नाम को सार्थक करते हुए अनेकों युवाओं के अलावा श्रीश्याम कुटुंब, मारवाड़ी युवा मंच, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, मेघानी परिवार तथा अन्यान्य अनेकों समाजसेवी लोगों द्वारा राशन एवं भोजन के पैकेट तथा बिस्किट-मिक्चर आदि के पैकेट बनाकर जरूरतमंदों को लगातार वितरित किए जा रहे हैं. महामारी के खौफ को दरकिनार करते हुए इन दानवीरों के हौसले लगातार बने हुए हैं. इनके बीच अवधनारायण सोनी एक ऐसा नाम है जो प्रतिदिन 50 पैकेट खाद्यान्न पुलिस प्रशासन के द्वारा वितरित करवा रहे हैं, वहीं यह कहना गलत नहीं होगा कि समाज सेवा के लिए उठ रहे हाथ जरूरतमंदों की हर जरूरत को पूरा करने के लिए हर पल तैयार नजर आ रहे हैं.







