रायगढ़. कांग्रेस की संस्कृति व विचारधारा एवं आचार-विचार के ठीक प्रतिकूल नगर निगम दफ्तर में एक ऐसा घटनाक्रम हुआ जो संगठन के लिए अत्यंत लज्जाजनक विषय बन चुका है. नगर निगम स्थित सभापति जयंत ठेठवार का चेम्बर दो महिला नेत्रियों के फसाद का गवाह बना. सभापति चेम्बर में शहर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती बरखा सिंह ने कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा पर फाल्गुनी गालियों की बौछार कर दी. मारपीट पर आमादा बरखा सिंह को किसी तरह सभापति के चेम्बर से निकाला तो गया, लेकिन तब तक विवाद ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया था. इस घटनाक्रम के विरोध में तमाम कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा के पक्ष में लामबंद हो गए हैं.
वहीं इस अप्रत्याशित वाकये से बदहवास संजना शर्मा फूट-फूटकर रोने लगीं. मीडिया के सामने ही संजना अपने आंसू छिपा नहीं सकीं. दूसरी ओर संजना शर्मा ने बरखा सिंह को शहर महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से तत्काल हटाने की मांग की है. संजना शर्मा ने कांग्रेस से इस्तीफे की बात कहते हुए यह स्पष्ट रूप से जता दिया है कि कांग्रेस में या तो मैं रहूंगी या बरखा सिंह. नगर निगम का सभापति चेम्बर आम दिनों की भांति पार्षदों की आवाजाही से गुलजार था. विभिन्न समस्या मूलक विषयों पर सभापति जयंत ठेठवार, कांग्रेस पार्षद रत्थू जायसवाल, आरिफ हुसैन, प्रभात साहू, पार्षद पति लखेश्वर मिरी व संजना शर्मा राय-मशविरा में मशरूफ थे.
अचानक महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बरखा सिंह वहां आ धमकीं और माहौल ने ऐसा उग्र रुप ले लिया कि हालात विस्फोटक हो गए. बरखा सिंह ने पार्षद संजना शर्मा पर गालियों की बौछार कर दी. सभापति कक्ष में उपस्थित तमाम लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले ही महिला कांग्रेस अध्यक्ष हाथापाई पर उतारू हो गयीं. सभापति जयंत ठेठवार किसी तरह समझा बुझाकर बरखा सिंह को नगर निगम दफ्तर के बाहर ले जाने में कामयाब जरूर हो गए मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी. बरखा सिंह के नगर निगम से जाने के बाद सभापति कक्ष में पार्षदों का मजमा लग गया. वहीं नगर निगम के गलियारों में यह विवाद सुर्खियों में छा गया.
https://लेजेंडरी सिंगर लता मंगेशकर कोरोना पॉजिटिव, ICU में भर्ती
यह था विवाद का कारण
दरअसल, कांग्रेस पार्षद संजना शर्मा के वार्ड नंबर 27 में नगर निगम व राजस्व विभाग का संयुक्त तोड़ूदस्ता अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचा था. इस दौरान संजना शर्मा ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए यह कहकर विरोध जताया कि कानून सभी के लिए बराबर है और अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित पक्ष को विधिवत् नोटिस दिया जाना चाहिए था. नगर व राजस्व अमले को कार्रवाई में एकरूपता रखनी चाहिए. पार्षद संजना शर्मा ने यह भी कहा कि जहां बेजाकब्जा तोड़ा जा रहा था, उस इलाके में बरखा सिंह का मकान भी बन रहा है मगर मैंने इसके विषय में कुछ भी नहीं कहा था.
कांग्रेस पार्षद हुए एक जुट, विधायक ने बुलाया
संजना शर्मा के साथ हुई बदसलूकी को लेकर कांग्रेस पार्षद एक हो गए हैं. 16 काग्रेस पार्षदों ने इस संबंध में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला को बरखा सिंह की अभद्र हरकत की शिकायत की है. कांग्रेस पार्षदों ने बरखा के आपत्तिजनक व्यवहार की विधायक प्रकाश नायक से शिकायत की है. विधायक प्रकाश नायक ने कांग्रेस पार्षदों को मिलने के बुलाया है.
कार्रवाई नहीं होने पर मैं इस्तीफा दूंगी : संजना
संजना शर्मा अपना दर्द छिपा नहीं सकीं और मीडिया के सामने रो पड़ीं. संजना ने कहा कि सभापति कक्ष में बरखा सिंह ने जो बदसलूकी की है, वह अशोभनीय है, उन्होंने महिला कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हए जिला कांग्रेस अध्यक्ष व सभापति से शिकायत की है. संजना ने यह भी कहा है कि अगर बरखा सिंह पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह कांग्रेस व पार्षद पद से इस्तीफा दे देंगी.
https://गांव वालों ने हिंदू रीति रिवाज से किया बंदर का अंतिम संस्कार, कराया शांति भोज







