जगदलपुर. कमिश्नर अमृत कुमार खलखो ने कांकेर जिले के दुर्ग कोन्दल तहसील के दूरस्थ धान खरीदी केंद्र चिखली का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होने सहायक ग्रामीण विस्तार अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा केंद्र के कंप्यूटर ऑपरेटर को हटाने के निर्देश कलेक्टर को दिए. इसके साथ कलेक्टर के निर्देश के बावजूद ऑपरेटर को नहीं हटाने पर कांकेर के उप पंजीयक सहकारी समिति को निलंबन की चेतावनी दी है. कमिश्नर और कलेक्टर चिखली धान खरीदी केंद्र पंहुचे. उन्होंने बारदाना, तोल मशीन, मॉइश्चर मशीन, स्टैकिंग और किसान पंजीयन पंजी का अवलोकन किया. इस केंद्र में पिछले वर्ष की तुलना में 290 ज्यादा किसानों का पंजीयन पाया गया.
http://नए साल में पड़ेगी महंगाई की मार, रोजमर्रा की चीजें हो सकती है महंगी
इसका कारण पूछने पर सहायक ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी जानकारी नहीं दे पाए. उनके द्वारा धान खरीदी मानक एफएक्यू की भी जानकारी नहीं दी गई. इस पर कमिश्नर खलखो ने एईआरओ दीपांकर मिस्त्री को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए. इसके साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर राजेंद्र ठाकुर को तत्काल हटाने के निर्देश दिए. कलेक्टर चौहान ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में वर्षों से एक ही केंद्र में जमे कंप्यूटर ऑपरेटर को बदलने के निर्देश उप पंजीयक सहकारी समिति को दिए थे, लेकिन उनके द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई इस पर कमिश्नर ने उप पंजीयक मरकाम को निलंबन की चेतावनी देने के निर्देश दिए. कमिश्नर ने धान खरीदी केंद्र में पिछले वर्ष की तुलना में 290 किसान ज्यादा पंजीयन होने की जांच रिपोर्ट एक दिन में कलेक्टर को प्रस्तुत करने के निर्देश नायब तहसीलदार लोमेश मिरी को दिए.
http://भारत ने वेस्टइंडीज को 4 विकेट से हराया, सीरीज पर 2-1 से कब्जा







