नई दिल्ली. मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में रविवार सुबह ब्यूटी पार्लर में तैयार होने आई एक दुल्हन की गला रेत कर हत्या कर दी गई. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है. जानकारी के मुताबिक शाजापुर की सोनू पिता कमल सिंह यादव की शादी नागदा (उज्जैन) के गौरव जैन के साथ तय हुई थी. शादी जावरा के बाहरी क्षेत्र में स्थित एक रिसोर्ट में थी. रविवार को दुल्हन तैयार होने के लिए बहन के साथ जावरा शहर के मध्य इलाके में स्थित एक ब्यूटी पार्लर में गई थी.
http://तालाब किनारे विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने किया पौधरोपण, संरक्षण व सुरक्षा का लिया संकल्प
जानकारी के अनुसार एक युवक ने दुल्हन को बाहर से फोन लगाया और उसके बाद ब्यूटी पार्लर में घुसकर धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी और भाग निकला. युवती को लहूलुहान देख आसपास के लोगों के होश उड़ गए. तत्काल उसे जावरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची. बताया जा रहा है कि सोनू की कुछ साल पहले उज्जैन निवासी युवक से शादी हुई थी. कुछ कारणों से रिश्ता टूट गया और तलाक हो गया था. अब यह दूसरी शादी नागदा के जैन समाज के युवक से कर रही थी. पुलिस को आशंका है कि युवती और आरोपी के बीच पहले से पहचान थी और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग भी था. हालांकि, यह सिर्फ प्रारंभिक अनुमान है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी की तलाश की जा रही है.
http://जिला स्तरीय युवा छात्र संसद और ऑनलाइन क्विज़ हेतु पंजीयन प्रारम्भ









