राजनांदगांव. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव विधानसभा में भेंट-मुलाकात अभियान के अंतर्गत बुधवार को राजनांदगांव सर्किट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली. उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान का सबसे अधिक लाभ यह होता है कि हम जनता से रूबरू होते हैं और हमें जन समस्याओं की प्रत्यक्ष एवं वास्तविक जानकारी मिलती है. इसलिए हम इसका जल्द समाधान भी कर पाते हैं. इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दें. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ध्यान रखें कि आम जनता को अपने कार्यों के लिए भटकना न पड़े. शासन के कार्यों में पारदर्शिता हो. सबसे ज्यादा सरोकार इस बात से है कि आम लोगों के काम हो. साथ ही वे संतुष्ट भी हों. यह तभी संभव होगा कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और कार्यों का मॉनिटरिंग लगातार हो.
https://सोने में आई नरमी, चांदी में बढ़त; चेक करें लेटेस्ट रेट
मुख्यमंत्री ने पैरादान की सराहना करते हुए कहा कि इसे निरंतर आगे बढ़ाते रहें. मुख्यमंत्री ने बैठक में धान खरीदी की समीक्षा करते हुए बारदाने की स्थिति, भुगतान की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने ग्राम सुरगी में सड़कों की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि ग्रामीण सड़क बहुत अच्छी बननी चाहिए. यह सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य होना चाहिए. साथ ही उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों को समय पर भुगतान के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट सही स्थिति में होनी चाहिए. यदि वह खराब हो तो उसे तत्काल सुधार करें, इसकी निरंतर मॉनिटरिंग करें. बीएनसी मिल के संबंध में उन्होंने कहा कि यहां पर कुछ गतिविधि प्रारंभ करें, जूट मिल भी शुरू किया जा सकता है. इसका बेहतर से बेहतर उपयोग करें और नेशनल टेक्सटाइल कॉरपोरेशन से चर्चा कर शीघ्र कार्य योजना बनाएं. मुख्यमंत्री ने चिटफंड कंपनियों की जानकारी ली.







