नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. आईजी ने कहा कि, शव बुरी तरह जले हुए हैं, हड्डियां तक बिखरी हुई हैं, पहली नजर में 8 से 10 लोगों के शव बस में होने की आशंका है लेकिन हादसा इतना भीषण था कि मृतकों की संख्या डीएनए टेस्ट से ही तय की जा सकती है. कन्नौज के छिबरामऊ में जयपुर जा रही प्राइवेट स्लीपर बस में ट्रक से टक्कर के बाद आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया. अचानक बस में हुए विस्फोट के बाद कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्लीपर बस में जब आग की लपटें रौद्र रूप धारण कर रही थीं, उसी समय एक मासूम बच्चा बस की खिड़की की तरफ आ गया.
http://फिल्म जर्सी के सेट पर जख्मी हुए शाहिद कपूर, चेहरे पर आए 13 टांके
लोगों ने उसे कूदने के लिए कहा, वह बार-बार बस के अंदर फंसी अपनी मां की तरफ इशारा कर रहा था. तभी धमाके के साथ आग और विकराल हो गई और बच्चे को आगोश में ले लिया. ट्रक से भिड़ंत के बाद स्लीपर बस में आग लगी तो अपनी जान बचाने के प्रयास में कई सवारियां बस की खिड़कियों से नीचे कूद गईं. इससे उन्हें चोटें आई. घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए प्रशासन से लगभग एक दर्जन एंबुलेंसों की व्यवस्था की गई थी. जीटी रोड पर ट्रक व स्लीपर बस में आमने-सामने की टक्कर के बाद आग लगने की सूचना ग्रामीणों ने अफसरों व दमकल को दे दी. सूचना देने के आधे घंटा बाद दमकल मौके पर पहुंची लेकिन कुछ ही देर में पानी खत्म हो गया. बस में सवारियां जल रही थीं और पानी खत्म होने से दमकल लौट गई.









