महासमुंद. महात्मा गांधी वार्ड 15 में मस्जिद के सामने स्थित बालोद्यान के अंदर से नवीन मार्ग के निर्माण नहीं किए जाने की मांग करते हुए महात्मा गांधी वार्ड के नागरिक एवं सिद्ध संकटमोचन हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नपाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में कहा है कि गार्डन के अंदर से सड़क निर्माण से न तो पुराना सिविल लाइन के मुख्य मार्ग में वाहनों का दबाव कम होगा और न ही शुक्रवार को वाहनों के कतार से आवागमन बाधित होने की समस्या से छुटकारा मिलेगा. नागरिकों ने बताया कि पुराना सिविल लाइन स्थित मस्जिद से लगभग 80 फीट की दूरी पर पुराना सिविल लाइन के मुख्य मार्ग को रायपुर-बागबाहरा नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला चौड़ा मार्ग बना हुआ है. इसी मार्ग में श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभागार भवन स्थित है. ऐसी स्थिति में मस्जिद के सामने से ही एक अन्य मार्ग के निर्माण का औचित्य सिद्ध नहीं किया जा सकता. प्रत्येक शुक्रवार आवागमन बाधित होने की समस्या का आसान समाधान बताते हुए नागरिकों ने कहा कि वाहनों की पार्किंग मस्जिद के सामने के मुख्य मार्ग पर न कर टॉउन हॉल के सामने पर्याप्त स्थान है. नवीन मार्ग से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि अनेक नवीन समस्या उत्पन्न होंगी.
http://जनचौपाल से संबंधित प्रकरणों का निराकरण नहीं, तहसीलदार को नोटिस
गार्डन के अंदर से सड़क निर्माण किए जाने से गार्डन का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा, क्योंकि गार्डन का क्षेत्रफल अधिक नहीं है. नागरिकों ने बताया कि इस गार्डन में दूरस्थ वार्डों के बच्चे, युवा तथा वृद्धजन मनोरंजन के लिए प्रतिदिन सुबह शाम आते हैं. उन्होंने बताया कि पुराना सिविल लाइन एक रहवासी क्षेत्र है तथा पुलिस लाइन की अहाता से लगा हुआ है. ऐसे में नवीन मार्ग का निर्माण से निरंतर दुर्घटनाओं का होना अवश्यंभावी है. नागरिकों ने उक्त गार्डन को सुरक्षित, संरक्षित एवं यथावत रखने की मांग की है. इस पर नपाध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि कोई भी निर्णय लेने के पहले सभी से चर्चा की जाएगी. इस दौरान देवेन्द्र दुबे, संजय शर्मा, मनोज लूनिया, जेन्मल जैन, सौरभ जैन, एमपी श्रीवास्तव, जसराज जैन, पवन कुमार पारख, संजय मालू, नीलम मालू, निरमल चोपड़ा, नेमीचंद जैन, गुमानचंद जैन, रतन चोपड़ा, सुशील अग्रवाल, अरूण श्रीवास्तव, राजेश कुमार तिवारी, संजय श्रीवास्तव, मनीष ठाकुर, रविकांत बजाज, सुधाकर, अनुपम तिवारी, जय चोपड़ा, रिखीराम, सत्तू तिवारी, अमृत शर्मा, रमाकांत तिवारी, अनूप उपासे, चमन चंद्राकर, संतोष शुक्ला, भूपेन्द्र चंद्राकर, जितेन्द्र इदिकर, भरत ठाकुर आदि उपस्थित थे.
http://गैंगरेप मामले में लापरवाही, विधानसभा में मामला उठते ही 7 पुलिसकर्मी निलंबित







