रायपुर. सरगुजा पुलिस ने बुधवार रात पूर्व कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के ओएसडी रहे आरके कश्यप और पूर्व सर्वेयर राणा प्रताप सिंह को रायपुर से गिरफ्तार किया है. आरके कश्यप वर्तमान में कृषि विभाग के निदेशक हैं, जबकि राणा प्रताप सिंह उपनिदेशक हैं. वहीं कृषि विभाग के सर्वेयर राकेश रमण सिंह की तलाश की जा रही है. इन पर रतनजोत प्लांटेशन के नाम पर एक करोड़ रुपए का घोटाला करने का आरोप है. जानकारी के अनुसार अंबिकापुर के बटवाही गांव के पास रतनजोत प्लांटेशन और फूड फॉर वर्क की बात कही गई थी. इस मामले में शिकायतकर्ता अमरनाथ पांडे ने कोर्ट में परिवाद दाखिल किया था.
http://पेटीएम के माध्यम से पार हुए लाख रुपए, खाताधारक परेशान
इसमें कहा गया था कि रतनजोत का उत्पादन मनरेगा और फूड फॉर वर्क से दर्शाया गया था, जो कि फर्जी था. इसकी राशि करीब एक करोड़ रुपए से ज्यादा के गबन की है. इसके बाद कोर्ट ने वर्ष 2009 में लुंड्रा थाने को मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे. इसी संबंध में दोनों की गिरफ्तारी की गई. सरगुजा डीएसपी ने कहा कि इस मामले की जांच पहले सीआईडी और फिर एसआईटी ने की थी. इसकी केस डायरी कुछ ही दिन पहले ही थाना लुंड्रा थाने को मिली है. इन आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पर्याप्त साक्ष्य थे, जिसके चलते कार्रवाई की गई. एक अन्य आरोपी राकेश रमण सिंह की तलाश की जा रही है. उसे भी जल्द पकड़ लिया जाएगा.
http://कोरोना वायरस को लेकर शिक्षक ने फैलाई अफवाह, कलेक्टर ने किया निलंबित







