रायपुर. छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु समूह के टीकाकरण की शुरूआत भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 1 मई से होगी. टीके की कम आपूर्ति को देखते हुए प्रदेश में इस आयु वर्ग में सबसे पहले अंत्योदय राशनकार्डधारी परिवारों के पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण किया जाएगा. आपूर्ति बढ़ने पर बीपीएल राशनकॉर्डधारी और उसके बाद एपीएल राशनकॉर्डधारी परिवारों को टीके लगेंगे.45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के मुताबिक पूर्ववत चलता रहेगा. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रिमंडल के सदस्यों, सभी संभागायुक्तों, सभी पुलिस रेंज के महानिरीक्षकों, कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों, मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारियों और नगर निगमों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस से हुई उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इस कार्ययोजना को मूर्तरूप दिया गया.
http://कोरोना से जंग जीते 20 परिवारों को निर्मलकर दंपत्ति ने बांटीं राशन सामग्री
राज्य सरकार के ऑर्डर पर भारत बायोटेक 1 मई को छत्तीसगढ़ को कोवैक्सीन के एक लाख तीन हजार 40 टीकों की आपूर्ति कर रहा है. ये टीके 1 मई की सुबह रायपुर पहुंच जाएंगे, जहां से तत्काल सभी जिलों को टीकों का वितरण किया जाएगा. रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के सभी विकासखंडों और नगर निगमों में 1 मई से ही 18 वर्ष से 45 वर्ष के पात्र व्यक्तियों का टीकाकरण शुरू हो जाएगा. बस्तर और सरगुजा संभाग के विकासखंडों व नगर निगम क्षेत्रों में 2 मई से इसकी शुरूआत होगी. मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को इसकी पुख्ता तैयारी के निर्देश दिए हैं. राज्य सरकार द्वारा 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु समूह के लोगों के टीकाकरण के लिए नया सॉफ्टवेयर विकसित किया जाएगा. सभी जिलों को सॉफ्टवेयर बनते तक अंत्योदय राशनकॉर्डधारी परिवारों के पात्र हितग्राहियों का मैनुअल चिन्हांकन करने और टीकाकरण के बाद उनका रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं.
http://‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर का कोरोना से निधन
मुख्यमंत्री ने उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रदेश में 1 मई से 18 वर्ष से 45 वर्ष तक के लोगों के टीकाकरण की शुरूआत की जा रही है. राज्यों को इस आयु वर्ग के लोगों को अपने खर्च पर टीका लगवाना है. राज्य शासन ने इस दायरे में आने वाले सभी पात्र लोगों को निःशुल्क टीका लगवाने का निर्णय लिया है. सरकार ने प्राथमिकता तय की है कि प्रदेश के सबसे गरीब तबके यानि अंत्योदय राशनकॉर्डधारी परिवारों के युवाओं को सबसे पहले टीका लगाया जाएगा. आपूर्ति बढ़ने पर बीपीएल और फिर एपीएल परिवारों को दायरे में लाया जाएगा. भारत बायोटेक ने जून और जुलाई को मिलाकर प्रदेश को 25 लाख टीके उपलब्ध कराने की सहमति दी है.
कांकेर और महासमुंद में वायरोलॉजी लैब का लोकार्पण, अब प्रदेश के 9 शासकीय लैबों में कोरोना के RTPCR की सुविधा https://t.co/HAfgSjjKSI
— Cg Janadesh (@CJanadesh) April 30, 2021







