नई दिल्ली. भारतीय सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के दाम में गिरावट दर्ज की गई. वहीं, चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 47,012 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं चांदी 63,046 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के दाम में 8 रुपए प्रति 10 ग्राम की मामूली कमी दर्ज की गई. इससे राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का भाव 47,004 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई और ये 1,816 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.
https://महिला ने पति को बनाया ‘कुत्ता’, गले में चेन बांधकर स्टेशन पर घुमाया
चांदी की कीमतों में सोने के उलट आज तेजी देखने को मिली. दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी के दाम 216 रुपए की तेजी के साथ 63,262 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुए. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के दाम 24.19 डॉलर प्रति औंस पर जस के तस रहे. एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि कॉमेक्स पर सोने के भाव में 0.08 फीसदी की कमी दर्ज की गई. इससे भारतीय सर्राफा बाजारों में सोने के दाम में मामूली गिरावट आई है. वहीं, फॉरेक्स मार्केट में आज सुबह रुपया डॉलर के मुकाबले 27 पैसे की मजबूती के साथ 74.19 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. इससे भी सोने की कीमतों में कमी आई.










