रायपुर. पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि प्रमुख स्थानों ओैर सुनसान जगहों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए. हाल ही में रांची एवं हैदराबाद में महिलाओं के साथ घटित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए उक्त निर्देश जारी किए गए हैं. निर्देश के अनुसार महिलाओं के प्रति सुनसान जगहों या अन्य स्थानों पर दुष्कर्म, छेड़खानी या दैहिक शोषण की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेंगी. राजधानी में अटल नगर (नवा रायपुर), टाटीबंध, रायपुरा, भाटागांव, बोरियाकला, माना, सड्डू, उरला और कबीर नगर के अलावा तीनो रिंग रोड़ के आसपास के क्षेत्रों में पेट्रोलिंग एवं फिक्स पिकेट बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं.
http://कांग्रेस चुनाव अभियान समिति और चुनाव घोषणा-पत्र समिति की घोषणा
इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि रात्रिकालीन बस, ट्रेन एवं अन्य परिवहन साधनों में आकस्मिक चेकिंग की जाए जिससे महिलाओं के विरूद्ध कोई अपराध घटित न होने पाए. निर्देश में कहा गया है कि चूंकि पुलिसकर्मी वर्दी में हमेशा ड्यूटी में रहते हैं इसलिए ड्यूटी आते एवं लौटते समय पुलिसिंग के लिए तत्पर रहें. पुलिस की यह समाज के प्रति नैतिक जिम्मेदारी भी है. महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. महिलाओं के प्रति घटनाओं के रोकथाम के लिये कंट्रोल रूम में हेल्पलाईन नंबर, महिला डेस्क एवं अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं. आपात समय में हेल्पलाईन नंबर अथवा कंट्रोल रूम में तुरंत संपर्क किया जा सकता है.
http://महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव सरकार ने साबित किया बहुमत, भाजपा का वॉकआउट







