गरियाबंद. फिंगेश्वर जनपद कार्यालय में पदस्थ आरईएस विभाग के SDO की फांसी के फंदे पर लटकी हुई लाश मिली है. एसडीओ राघवेंद्र बहादुर सिंह जनपद पंचायत फिंगेश्वर में 3 महीने पहले ही पदस्थ हुए थे. जानकारी के अनुसार SDO राघवेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार और रविवार को अपनी पत्नी और दोनों बेटियों को राजिम मेला भी घुमाया. फिर रविवार को उन्होंने अपने परिवार को भिलाई पहुंचा दिया, जहां के वे रहने वाले थे. रविवार को ही वे वापस फिंगेश्वर लौट आए. सोमवार को उन्होंने दिनभर कार्यालय में काम किया. पत्नी से उनकी आखिरी बातचीत सोमवार शाम साढ़े 4 बजे हुई थी.
https://मारबर्ग वायरस से 9 लोगों की मौत, WHO ने बुलाई बैठक
बाद शाम में ड्यूटी के बाद वे वापस अपने सरकारी आवास आ गए. इधर, परिवार वालों ने उनसे लगातार फोन करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया. इससे घबराए परिजन मंगलवार सुबह भिलाई से फिंगेश्वर पहुंचे. जब परिजन फिंगेश्वर स्थित घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला. दरवाजा खोलने की कोशिश की गई, लेकिन वो नहीं खुला. बाद पुलिस को सूचना दी गई. फिंगेश्वर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ताला तोड़ा. अंदर उन्हें अधिकारी राघवेंद्र बहादुर सिंह की लाश फांसी पर लटकी हुई मिली. शव को फांसी से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है. फिलहाल आत्महत्या की वजहों का पता नहीं चल पाया है.







