महासमुंद. कलेंडा स्थित क्वारंटाइन सेंटर में महिला मजदूर की मौत के बाद परिस्थिति की जानकारी और व्यवस्थाओं का शुक्रवार को मुआयना करने पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी व पूर्व विधायक समेत 12 नेताओं पर पुलिस ने धारा 188, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है. सरायपाली एसडीएम ने बताया कि स्वास्थ्य अमले ने सभी का रैपिड टेस्ट किया जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है. जिसके बाद उन्हें होम क्वारंटाइन कर दिया गया है. सभी के घरों के बाहर होम क्वारंटाइन की स्लीप भी चस्पा की गई है. एएसपी श्रीमती मेघा टेम्भूरकर ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर में बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष रुपकुमारी चौधरी पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, रामलाल चौहान, त्रिलोचन पटेल, पूर्व भाजपा महामंत्री ऐतराम साहू सहित करीब 12 लोगों पर धारा 188, 34 के तहत जुर्म दर्ज किया गया है.
http://VIDEO : सुष्मिता सेन की वेब सीरीज ‘आर्या’ का ट्रेलर रिलीज
इधर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने उक्त कार्रवाई को प्रशासन पर शासन के दबाव में की गई कार्रवाई बताया है. उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन सेंटर में व्याप्त खामियां बाहर न आ पाए इसके चलते उन्हें रोका गया. उन्होने कहा कि भाजपाजनों द्वारा सुरक्षा और दूरी के साथ जायजा और जानकारी लेने पहुंचे थे. भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर में जिंदगी की लड़ाई लड़ रहे दो जुड़वा बच्चों का हाल जानने गए थे पर वहां की अव्यवस्था उच्च स्तर तक ना पहुंचे इसलिए उन्हें रोकने प्रशासन विभिन्न हथकंडे अपना रहा है. वहां के हालात बहुत ही खराब है.







