रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष मोहन मरकाम पर लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का खुलेआम उल्लंघन पर गम्भीर चिंता व्यक्त की है. उन्होने कहा कि कोरोना संक्रमण के संकट से बचाव के लिए सभी लोग लॉकडाउन व सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता और प्रदेश सरकार के लोग खुद इन तमाम पाबंदियों का खुलेआम मखौल उड़ाकर प्रदेश की जनता को गलत संदेश देने का काम कर रहे हैं. श्री उपासने ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम राजनांदगाँव जिले में बाहर से आए श्रमिकों के लिए बनाए गए चिरचारी कैंप का निरीक्षण करने पहुँचे थे जिसमें सोशल डिस्टेंसिंग का रंचमात्र भी पालन नहीं किया गया. कार्यक्रम की तस्वीरें इस बात की तस्दीक करती है. इस दौरान संगठन के अन्य पदाधिकारियों के अलावा जिले के विधायक भी मौजूद थे. उन्होने कहा कि एक तरफ आम आदमी लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर कोरोना को हराने में अपना योगदान दे रहा है वहीं प्रदेश की सत्तारूढ़ कांग्रेस और सरकार के लोग इसके प्रति गंभीर आपराधिक लापरवाही बरत रहे हैं.
http://मां करती थीं दान.. इसलिए उनकी बरसी में बेटा-बहू ने किया 210 किलो आटे का दान
श्री उपासने ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम ने लॉकडाउन का मजाक बनाने का काम किया है. अंचल में जाकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम न केवल शादी के कार्यक्रम में शरीक होते हैं, अपितु शादी के सभी रीति-रिवाजों की पूरी रस्म अदायगी भी करते हैं. सारे नियम-कायदों को दरकिनार करते हुए कांग्रेस नेता और सत्तारूढ़ दल का प्रदेश नेतृत्व ही जब ऐसा उदाहरण पेश करें तो फिर प्रदेश की जनता की सुरक्षा पर अपने आप ही सवाल खड़े होते हैं. उन्होने कहा कि लॉकडाउन में सोशल डिस्टेंसिंग के उल्लंघन का कांग्रेस ने यह पहली मिसाल पेश नहीं की है. अभी हाल ही प्रदेश सरकार के एक मंत्री कवासी लखमा तो महज तफरीह के लिए रायगढ़ तक पहुँच गए थे. श्री उपासने ने कहा कि एक तो प्रदेश सरकार का छत्तीसगढ़ में कोरोना के खिलाफ जारी जंग में कोई सार्थक योगदान कहीं नज़र नहीं आ रहा है, ऊपर से सरकार के मंत्री और पार्टी के नेता तक अपने राजनीतिक रसूख का दंभ भरते हुए संयमहीनता और अनुशासनहीनता की नज़ीर पेश कर रहे हैं. उन्होने कहा कि ये मामले प्रदेश सरकार और कांग्रेस के दोहरे राजनीतिक चरित्र को जगजाहिर कर रहे हैं कि एक तरफ भले ही इनकी सरकार बैनर-पोस्टर चस्पा कर दूसरों को बचाव की नसीहत देने में लगी हुई है, लेकिन उस पर खुद सरकार और पार्टी नेताओं का सच कुछ और ही नज़ारा पेश कर रहा है.
http://अलग-अलग तीन मामले में 29 लीटर शराब जब्त, 4 गिरफ्तार