बलौदाबाजार. कलेक्टर सुनील कुमार जैन ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में कोविड टीकाकरण अभियान में प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने वर्तमान धीमी प्रगति को नाकाफी बताते हुए अभियान में और तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए. उन्होने कहा कि 21 जून से जिले में वैक्सीन डोज की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध होगी इसलिए टीकाकरण केन्द्रों की संख्या और ज्यादा बढ़ाकर ग्रामवार योजना के अनुरूप संपूर्ण टीकाकरण कराएं. उन्होंने इस संबंध में समाज में व्याप्त तमाम अफवाहों को खारिज करते हुए टीकाकरण के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान संचालित करने को भी कहा है. बैठक में जनपद पंचायत बलौदाबाजार के सीईओ की अनधिकृत गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने के लिए शो कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए हैं.
http://29 देशों में पाया गया कोरोना का नया वेरिएंट लैंब्डा
श्री जैन ने कहा कि संपूर्ण टीकाकरण ही कोरोना से बचाव का सम्पूर्ण इलाज है. टीकाकरण के लिए फिलहाल जिले में उपयुक्त माहौल है. दूसरी लहर उतार पर है. टीके की पर्याप्त उपलब्धता भी अब बन रही है. लिहाजा हर पात्र व्यक्ति टीका लगाये और अपने साथ ही अपने परिवार और समाज को सुरक्षित कर लें. कलेक्टर ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों और मैदानी कर्मचारियों को स्थानीय जनता को प्रेरित करने को कहा है. कलेक्टर ने वैक्सीन के वेस्टेज नहीं किए जाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मापदण्ड 1 प्रतिशत से ज्यादा वेस्टेज नहीं होने चाहिए. जिले के पलारी एवं बिलाईगढ़ विकासखण्ड में क्रमशः 10 एवं 7 प्रतिशत वेस्टेज रिकार्ड की गई है. उन्होंने दोनो. विकासखण्ड के कर्मचारियों को वेस्टेज नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी है.
http://छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण की दर और गिरी, मौतों का आंकड़ा भी सिमटा







