नई दिल्ली. भाई दूज पर सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रुख के अनुरूप दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 548 रुपए टूटकर 38,857 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया. इसी प्रकार, चांदी में भी तकनीकी सुधार के रूप में गिरावट दर्ज की गई. इसका भाव 1,190 रुपए टूटकर 47,090 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गया. एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ‘दीवाली की छुट्टियों के बाद वैश्विक बाजारों में गिरावट के रुख को देखते हुए दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव में 548 रुपए की गिरावट आई. दीवाली की छुट्टियों में भाईदूज त्यौहार के कारण अहमदाबाद जैसे प्रमुख हाजिर बाजार बंद हैं जिससे सोने की हाजिर मांग कम रहने की उम्मीद है.’
http://NIA का बड़ा खुलासा, आतंकियों की हिट लिस्ट में शामिल हैं पीएम मोदी, विराट कोहली
उन्होंने कहा कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार समझौते की उम्मीद जगने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव में गिरावट का दबाव रहने की संभावना है. वैश्विक बाजार में सोने का भाव अपरिवर्तित यानी 1,493 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी गिरावट के साथ 17.77 डॉलर प्रति औंस था. उन्होंने कहा, ‘सोना व्यापारियों को फेडरल ओपन मार्केट समिति (एफओएमसी) की बैठक के संकेतों पर नजर है.’ हाजिर बाजार में कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार कम करने से वायदा कारोबार में मंगलवार को चांदी का भाव 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 45,945 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया. इसमें 10,802 लॉट का कारोबार हुआ. इसी तरह चांदी के मार्च 2020 में डिलीवरी वाले अनुबंध का भाव 79 रुपए यानी 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 46,767 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया जिसमें 1,159 लॉट का कारोबार हुआ.
http://अंधविश्वास : संतान की चाह में चाचा ने दे दी भतीजे की बलि










