महासमुंद. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके अग्नि चन्द्राकर ने गुरूवार को छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के 9वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया. उनके साथ ही निगम के नवनियुक्त संचालक सदस्य शंकर बघेल, जालम सिंह पटेल और दिलीप पांडे ने भी पदभार संभाला. राजधानी रायपुर स्थित छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड कार्यालय परिसर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने वर्चुअली संबोधित किया. मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि कृषि और इससे संबंधित सभी विभागों में पहली बार खेती-किसानी करने वाले किसानपुत्रों को काम करने का मौका मिला है. बीज एवं कृषि विकास निगम की पूरी टीम किसानों की है. हमारी सरकार ही किसानों की सरकार है. कृषि के क्षेत्र में हमें बहुत काम करने की आवश्यकता है.
http://राज्य शिक्षक पुरस्कार वर्ष 2020 के लिए 54 शिक्षकों का चयन
न केवल धान, बल्कि किसान मक्का, गन्ना, दलहन, तिलहन, उद्यानिकी फसलों की खेती की ओर भी उन्मुख हो रहे हैं और पौधरोपण भी किया जा रहा है, ऐसे में जरूरी है कि अच्छा बीज मिले. यह कार्य इस निगम द्वारा होना है. मुख्यमंत्री ने निगम अध्यक्ष अग्नि चन्द्राकर व उनकी टीम को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अग्नि चन्द्राकर 1994 में पहली बार विधानसभा पहुंचे थे, तब से किसान-मजदूरों के मुद्दे प्रमुखता से उठाते रहे हैं. विधानसभा में उनका लंबा अनुभव रहा है, जो उनके अब काम आएगा. कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने भी अग्नि चन्द्राकर के सुदीर्घ अनुभव का जिक्र करते हुए कहा हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी किसानों को बीज उपलब्ध कराना है. हमें बीज बाहर से खरीदने पड़ते हैं, पुरजोर प्रयास हो कि हम बीज के मामले में आत्मनिर्भर बन जाएं. निगम अध्यक्ष अग्नि चन्द्राकर ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आपने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है.
बीज निगम बदनाम रहा है. किसानों का भरोसा हम पर रहे, यह पहली प्राथमिकता रहेगी. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप फसल परिवर्तन की दिशा में भी काम करेंगे. श्री चन्द्राकर ने मंच से ही निगम अधिकारियों को भी ताकीद की कि पहले की तरह अब नहीं चलेगा, अब अग्नि आ गया है, गलत की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी. किसानों के हित में मेहनत और अच्छा काम करना होगा. मंच पर कृषक कल्याण परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, उपाध्यक्ष महेंद्र चन्द्राकर, तेलघानी बोर्ड के नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप साहू, महासमुंद जिपं अध्यक्ष उषा पटेल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चन्द्राकर, प्रदेश कांग्रेस सचिव अमरजीत चावला, जिपं उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिलाध्यक्ष नारायण नामदेव आदि मौजूद थे. दोपहर मंचीय कार्यक्रम के बाद श्री चन्द्राकर ने शुभ मुहूर्त में शाम सवा 5 बजे पूजा-अर्चना कर निगम अध्यक्ष की कुर्सी संभाली.
http://घर में घुसने की कोशिश कर रहा था कोबरा, बिल्ली ने रोका रास्ता







