पिथौरा. एक शिक्षक परिवार को कारतूस और धमकी भरे पत्र भेजने वाले आरोपी को भंवरपुर पुलिस ने अंततः गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खौफजदा परिवार ने ली राहत की सांस ली है. घटना का मास्टरमाइंड आरोपी प्रार्थी का पूर्व परिचित बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार वेब सीरीज देखकर हाई प्रोफाइल लाइफ स्टाइल जीने की चाहत के चलते दो युवकों ने साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया था. आरोपी के नाम हितेश यादव (25) निवासी ग्राम दुर्गापाली चौकी भंवरपुर थाना बसना हाल भाटागांव रायपुर एवं प्रभात साहू (35) कोदोगुड़ा थाना सरायपाली हाल निवासी प्रोफेसर कॉलोनी रायपुर बताया गया है.
घटना के संबध में पुलिस ने बताया कि विगत 1 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे जगन्नाथ राणा ने चौकी भंवरपुर में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक अज्ञात युवक के द्वारा आपका कुरियर आया है कहकर दो बंद लिफाफा दिया जिसमें भेजने वाले का नाम पता नहीं था. उक्त लिफाफों को खोलकर देखा गया तो एक लिफाफे में कारतूस जैसे दिखने वाली वस्तु और दूसरे लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला. जिसने 20 मिनट के अंदर सागरपाली के एक पेट्रोल पंप के पीछे में पांच लाख रुपए छोड़ देने की बात लिखा था एवं पुलिस या किसी को भी सूचना देने पर भिलाई में पढ़ रहे बच्चों को जान से मार देने की धमकी भी लिखी गई थी. उक्त सूचना पर चौकी भंवरपुर में धारा 384, 506 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया. पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली विकास पाटले के नेतृत्व में टीम का गठन किया. जिसमें बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता से लेते हुए एक टीम भिलाई बच्चों की निगरानी करने के लिए भेजी तथा स्थानीय पुलिस को इस बात की सूचना दी गई.
https://लड़की ने परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी, भाई और मां ने काटा गला
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की टीम एवं चौकी भंवरपुर की टीम तत्काल आरोपी की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया. प्राप्त फुटेज की तस्दीकी प्रार्थी से करवाई गई. प्राप्त फुटेज की तस्दीकी प्रार्थी के द्वारा की गई जिसमें एक स्कूटी पर दो व्यक्ति जाते हुए दिखाई दे रहे थे. फुटेज एवं जांच के दौरान प्राप्त अन्य तथ्यों के आधार पर कुछ संदेहियों के नाम सामने आए. पुलिस टीम को सूचना मिली कि भंवरपुर के पास के गांव का एक युवक घटना वाले दिन भंवरपुर के आसपास देखा गया है. पुलिस टीम के द्वारा उस संदिग्ध युवक का पता लगाकर भाटागांव रायपुर में उसके घर में रेड मारकर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई. पूछताछ पर उसने अपना नाम हितेश यादव बताया.
प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस की टीम को लगातार गुमराह करता रहा पर जब पुलिस टीम के द्वारा उस युवक से गहन और सिलसिलेवार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूछताछ प्रारम्भ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने बताया कि वह जगन्नाथ राणा के परिवार से पूर्व परिचित है. हितेश मोबाइल में थ्रिलर और भाई गिरी के वेब सीरीज देखा करता था. ऐशो आराम की जिंदगी हाई फ्रोफाइल लाइफ स्टाइल जीने की उसकी चाहत बढ़ती गई और उसने अपने साथी प्रभात साहू के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है. हितेश यादव की निशानदेही पर दूसरे युवक को प्रोफेसर कालोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया और घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल को भी बरामद कर लिया गया. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इन्होंने पूर्व में भी क्या और किसी घटना को अंजाम दिया है?
https://अतरंगी रे का दूसरा गाना ‘रेत जरा सी’ रिलीज, प्यार में डूबी दिखीं सारा
महासमुंद पुलिस से इस त्वरित कार्रवाई से दहशदजदा परिवार ने राहत की सांस ली है और पुलिस की इस कार्रवाई के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है. सम्पूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेघा टेम्भूरकर साहू के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सरायपाली विकास पाटले के नेतृव में बसना थाना प्रभारी निरीक्षक लेखराम ठाकुर, भंवरपुर चौकी प्रभारी उनि उमाकांत तिवारी साइबर सेल प्रभारी संजय राजपूत, सहायक उपनिरीक्षक विकास शर्मा, प्रधान आरक्षक श्रवण दास, राजेन्द्र व्यवहार, मनोज मानिकपुरी, आरक्षक अनिल बंजारे, डिग्रीलाल नंद, पीयूष शर्मा, कामता आवड़े, हेमंत नायक, योगेंद्र दुबे, युगल पटेल, त्रिनाथ प्रधान, ललित पटेल, रवि यादव, अजय जांगड़े द्वारा की गई है.







