नई दिल्ली. राजस्थान के उदयपुर की एक स्कूल शिक्षिका को हाल ही में आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाते हुए अपना वाट्सऐप स्टेट्स लगाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. दरअसल, 24 अक्तूबर को हुए भारत-पाकिस्तान मैच के बाद उदयपुर की शिक्षिका नफीसा अटारी ने पाकिस्तान की जीत पर खुशी प्रकट करते हुए वॉट्सऐप स्टेटस पर लिखा था- ‘हम जीत गए’. यह स्टेटस जब उनके एक विद्यार्थी के परिजनों ने देखा तो उन्होंने अन्य बच्चों के पालकों को बताया. बाद पालकों का संगठन मैदान में उतर गया. शिक्षिका को बर्खास्त करने की मांग की जाने लगी. कुछ पालकों ने शिक्षिका नफीसा से पूछा कि क्या वह पाकिस्तान का समर्थन करती हैं. इस पर नफीसा ने हां कहा तो पालक और भड़क गए.
https://सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए नया भाव
पालकों ने तुरंत स्कूल प्रबंधन को फोन कर नफीसा पर कार्रवाई की मांग की. आखिरकार प्रबंधन ने शिक्षिका को स्कूल से निकाल दिया. नौकरी से बर्खास्त किए जाने पर नफीसा अटारी ने वीडियो जारी कर माफी मांगी. उन्होने कहा कि- हम मैच देख रहे थे. इसी दौरान हमने परिजनों की दो टीम बांट ली थी. हम अपनी-अपनी टीम का जोश बढ़ा रहे थे. इसका ये मतलब नहीं था कि मैं पाकिस्तान का समर्थन कर रही हूं. इसी बीच किसी ने मुझे मैसेज कर पूछा कि क्या आप पाकिस्तान का समर्थन कर रही हैं. चूंकि हंसी-मजाक का दौर चल रहा था, इसलिए मैंने हां कह दिया. इसका मतलब यह नहीं है, मैं पाकिस्तान का समर्थन करती हूं. मैं भारतीय हूं और भारत से प्यार करती हूं. मैंने खुद एहसास किया कि ये गलत हो गया है तो मैंने स्टेट्स डिलीट कर दिया.









