पिथौरा. हाईस्कूल मैदान से आज सुबह प्रशासन द्वारा अचानक सब्जी बाजार हटाने के निर्देश से सब्जियों के दाम अचानक चार गुना बढ़ गए. देखते ही देखते दैनिक बाजार में भीड़ बढ़ गई और सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ गई. गुरूवार से 10 दिनों के लिए प्रारंभ होने वाले लॉकडाउन के पहले आवश्यक वस्तुओं की खरीदी करने आज साप्ताहिक बाजार का दिन होने एवं कल रविवार को सब्जी बाजार बंद होने के कारण अचानक भीड़ उमड़ पड़ी. प्रशासन के रवैये के कारण आज ग्रामीण सब्जी उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा जबकि स्थानीय सब्जी विक्रेताओं ने ग्रामीण किसानों से पानी के मोल सब्जी खरीदकर सामान्य दर से दो से तीन गुना दर पर सब्जी बेचकर जमकर मुनाफाखोरी की. आज सुबह से कन्या शाला के पीछे मैदान में प्रति सप्ताह की तरह सब्जी बाजार लगा था.
इस स्थान पर ग्राम के सब्जी उत्पादक बाजार दर पर सब्जी बेच कर जाते थे. पर आज सुबह ही अचानक कलेक्टर के निर्देश का हवाला देते सब्जी बाजार बंद करने की मुनादी करवा दी गई. इस मुनादी के बाद अचानक लोग सब्जी लेने बाजार में उमड़ पड़े और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गांव से आए सब्जी विक्रेता शहर के सब्जी कोचियों को पानी के मोल सब्जी बेचकर वापस घर चले गए. इधर, कुछ जानकारों ने बताया कि विगत लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण सब्जी विक्रेताओं एवं स्थानीय विक्रेताओं को नगर के विभिन्न हिस्सों में सब्जी दुकान लगवाई गई थी जिससे सब्जियों के भाव भी सामान्य थे और सोशल डिस्टेंस भी बना हुआ था. पर इस बार दैनिक हाट के भीतर भारी भीड़ और अफरातफरी की स्थिति बनी रही.







