रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्रीचंद सुंदरानी ने प्रदेश के मंत्री कवासी लखमा के उस बयान को एक राजनीतिक प्रलाप ही बताया है, जिसमें मंत्री लखमा ने शराब बिक्री में छत्तीसगढ़ के जिक्र पर केन्द्र सरकार को आरोपित करने की कोशिश की है. श्री सुंदरानी ने कहा कि पूर्ण शराबबंदी का नारा देकर सत्ता में आए कांग्रेस के लोग अब झूठ पर झूठ बोलने और प्रदेश के लोगों को बहकाने में लग गए हैं. अपनी तमाम नाकामियों और नाकारेपन का ठीकरा केन्द्र सरकार पर फोड़ने के आदी हो चले कांग्रेस नेता और सत्तारूढ़ लोगों को यह सामान्य-सी समझ तक नहीं रह गई है कि केन्द्र सरकार को हर बात के लिए कोसकर कांग्रेसी अपनी विफलताओं के बोझ से उबर नहीं पाएंगे.
http://राज्य सरकार ने बढ़ाई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं की अनुग्रह राशि
उन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी लागू करने का वादा करने वालों को यह जवाब तो देना ही होगा कि शराब बिक्री में प्रदेश यदि देशभर में अव्वल है तो यह प्रदेश सरकार अब अपनी नाकामी को केन्द्र सरकार पर क्यों आरोपित कर रही है. श्री सुंदरानी ने कहा कि हर मोर्चे पर अपनी वादा खिलाफी के कारण छत्तीसगढ़ की मौजूदा सरकार ने अपना भरोसा खो दिया है. क्या मंत्री लखमा बताएंगे कि शराबबंदी के नाम पर छलावा करने वाली उनकी सरकार के कार्यकाल में शराब की तस्करी सीमावर्ती प्रांतों से कैसे हो रही है और महज 50 दुकानें बंद करने से शराब की खपत कैसे कम हो सकती है. दरअसल शराब माफियाओं, कोचियों और दलालों के मार्फत प्रदेश सरकार के लोग अपना और अपनी पार्टी का खजाना भर रहे हैं और प्रदेश को शराब के दलदल में धंसा रहे हैं. अब भी शराब बिक्री घटाने के लिए सर्वे कराने की नौटंकी करने पर प्रदेश सरकार उतारू है, लेकिन पूर्ण शराबबंदी के अपन वादे की दिशा में एक कदम नहीं बढ़ाना चाहती. उन्होने चेतावनी दी कि प्रदेश सरकार और उसके मंत्री अपने हर नाकारापन के लिए केन्द्र सरकार पर ठीकरा फोड़ने से बाज आएं और प्रदेश की जनता को भ्रमित न करें क्योंकि प्रदेश की जनता भोली जरूर है, पर समझ के मामले में वह प्रदेश सरकार पर भारी पड़ेगी.
http://शिमला मिर्च खाने के हैं नायाब फायदे, जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान







