रायपुर. राजधानी नाम के कोविड अस्पताल में शनिवार शाम करीब 5 बजे आग लग गई. इसमें चार मरीजों की मौत हो गई. इस दुर्घटना में एक मरीज की मृत्यु आग से जलने से हुई है तथा 3 की मृत्यु दम घुटने से हुई है. आग की वजह से अस्पताल के सभी कमरों में धुआं भर गया जिससे पहले से ही सांस की तकलीफ झेल रहे मरीजों का दम घुटने लगा. हड़बड़ाकर उनके घर वालों ने हॉस्पिटल में लगे कांच को तोड़कर धुआं बाहर निकलने की जगह बनाई. फायर फाइटर्स भी मौके पर पहुंच गए. कुछ मरीजों को निकालकर एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. फिलहाल, राहत और बचाव का काम जारी है.
http://12वीं की बोर्ड परीक्षा स्थगित होने संबंधी वायरल आदेश फेक एवं गलत
हादसे के दौरान अस्पताल में करीब 50 मरीज भर्ती थे. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यजनक बताया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने इस हादसे में मृत सभी 4 लोगों के परिजनों को 4- 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा भी की है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ एस भारतीदासन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, वे यहां सहायता और मदद की कार्यों का व्यक्तिगत रूप से अवलोकन कर रहे हैं.







