महासमुंद. शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्रा के कक्षा 9 वीं से 12 वीं अध्ययनरत 57 विद्यार्थी ब्रिक्स देशों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ऑनलाइन गणित प्रतियोगिता में अपना कमाल कर रहे हैं. शाला के प्राचार्य सुबोध तिवारी ने बताया कि ब्रिक्स यानी कि ब्राज़ील, रूस, इंडिया, चीन और साउथ अफ्रीका देशों मै अध्ययनरत कक्षा 1 से 12वीं तक के विद्यार्थियों में गणित सीखने को प्रभावी और रुचिकर बनाने तथा आउट ऑफ द बॉक्स सोच विकसित करने के उद्देश्य से यह BRICSMATHS ऑनलाइन प्रतियोगिता की जाती है. ब्रिक्स देशों का यह मैथ्स ओलंपियाड के रूप में जाना जाता है. केवल विश्व के पांच ब्रिक्स देशों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का यह तीसरा एडिशन है. विद्यालय के 57 प्रतिभागी विद्यार्थियों में से 36 ने इस आउट ऑफ द बॉक्स थिंकिंग वाले ऑनलाइन प्रतियोगिता में 100 प्रतिशत तक अंक अर्जित कर विजयी होकर जिले को गौरवान्वित किया है.
http://अब ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और गरीब वर्ग को उपलब्ध होगी आवास सुविधा
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में 65 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वालों को ही विजयी घोषित किया गया है. ज्ञात हो कि शासकीय कुलदीप निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गणित व्याख्याता का पद पिछले 10सालों से रिक्त है, किन्तु विद्यालय के शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने मानदेय पर बिंद्रावन गांव के ओमप्रकाश यादव को गणित अध्यापन हेतु व्यवस्थित किया है. यादव की कठिन मेहनत का परिणाम है कि नर्रा जैसे ग्रामीण और दूरस्थ स्कूल के बच्चे आज अंतरराष्ट्रीय गणित प्रतियोगिता के ऑनलाइन एग्जाम का हिस्सा बन रहे हैं. ब्रिक्स मैथ्स की यह ऑनलाइन प्रतियोगिता 12 नवंबर से 13 दिसंबर तक आयोजित हुई, जिसे नर्रा के बच्चों ने इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने स्कूल में ही बैठकर भाग लिया. विद्यालय का किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पहली प्रतिभागिता है. विद्यालय की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी बी एल कुर्रे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कोवाची ने शाला परिवार को शुभकामनाएं दी है. शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष विजय शंकर निगम, शाला में विधायक प्रतिनिधि उमेश जैन, सरपंच लीला बाई पटेल, उपसरपंच थानेश दीवान, दिलीप गुप्ता, मेघनाथ यादव, डॉ आनंद वर्गीस, मुबारक खान, तामेश्वर पटेल, ललित पटेल, रूपेंद्र साहू, धरम पटेल तथा शाला के शिक्षकों ने मानसेवी शिक्षक ओमप्रकाश यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रतिभागी छात्रों को शुभकामनाएं दी है.
http://हाईकोर्ट ने खारिज की निर्भया के दोषी पवन की याचिका, वकील पर भी जुर्माना







