महासमुंद. तुमगांव से शनिवार दोपहर घर के सामने से लापता हुई तीन वर्षीय बच्ची का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है. बच्ची के गायब होने की सूचना के बाद से पुलिस और डाग स्क्वाड की टीम लगातार तलाश में जुटी है लेकिन पुलिस के हाथ अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस के मुताबिक उन्होनें आसपास का पूरा इलाका छान मारा है और लगातार खोजबीन जारी है. ज्ञात हो कि रायपुर निवासी तीन वर्ष की बच्ची अपने माता-पिता के साथ दिवाली और छठ पर्व मनाने तुमगांव अपने रिश्तेदार के यहां आई थी. शनिवार दोपहर करीब 3 बजे परिजन घर में खाना खा रहे थे, उसी दौरान वह बाहर खेलने निकली और आधे घंटे बाद गायब हो गई.
http://छात्रावास के चपरासी ने नस काटकर की खुदकुशी, मिला सुसाईड नोट
बच्ची के लापता होने के बाद परिजन आसपास तलाश में जुट गए जब परिजन को बच्ची नहीं दिखी तो उन्होनें पुलिस में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर बच्ची की खोजबीन शुरू की. थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची के लापता होने के बाद से पुलिस टीम तलाश में लगी है. फिलहाल बच्ची के संबंध में कोई जानकारी उनके हाथ नहीं लगी है. उन्होंने बताया कि तुमगांव के सभी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए हैं, इसके अलावा पुलिस ने आसपास के कुंए और अन्य स्थानों में भी खोजबीन की, लेकिन कुछ भी नहीं मिल पाया है. डाग स्कॉड की टीम भी लगातार इलाके में सर्च कर रही है.







