रायपुर. राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को शासकीय कार्य में कोताही बरतने के फलस्वरूप निलंबित कर दिया है. इन अधिकारियों ने स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल में अपडेट जानकारी दर्ज नहीं की थी. निलंबित अधिकारियों का मुख्यालय रायपुर और जशपुर के शिक्षा कार्यालयों में नियत किया गया है. गुरुवार को यहां इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मंत्रालय से आदेश जारी कर दिया गया है.
https://पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक, रोड शो के दौरान कार के करीब पहुंचा युवक
जारी आदेश के अनुसार जेके प्रसाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर (वर्तमान में उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय) और नारायण प्रसाद पैकरा (मूल पद व्याख्याता) प्रभारी प्राचार्य शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दोकड़ा, विकासखण्ड कांसाबेल जिला जशपुर द्वारा विभागीय पोर्टल को अपडेट करने में कोताही बरती गई. जिससे संस्था में व्याख्याता का पद रिक्त होना बताया गया, जिसके कारण प्रशासनिक स्थानांतरण किया गया. इस लापरवाही के कारण स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मंत्रालय से आदेश जारी कर दोनों को निलंबित कर दिया है. निलंबन अवधि में जेके प्रसाद का मुख्यालय, संभागीय संयुक्त संचालक रायपुर और नारायण प्रसाद पैकरा का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर नियत किया गया है.
https://युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने की सब इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा







