पिथौरा. विकासखण्ड के ग्राम चरौदा और लिलेसर निवासी दो किसान भालू के हमले से घायल हो गए. दोनों ही घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है. बहरहाल, वन विभाग ने दोनों घायल ग्रामीणों को एक-एक हजार रुपए की तात्कालिक सहायता दी है. वन विभाग के अनुसार चरौदा निवासी खेमराज वल्द जयलाल पांड़े (40) जंगल स्थित अपने खेत की रखवाली कर रहा था इस दौरान एक भालू ने अचानक उस पर हमला कर घायल कर दिया. चीख-पुकार सुन कुछ किसानों ने एकत्र होकर उन्हे बचाया और तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
http://व्हील चेयर पर सवार हौसलों की मीनार, रिहैब फाउंडेशन की जस्सी ने प्रशासन को सौंपे 5 हजार मास्क
दूसरी घटना में ग्राम लिलेसर निवासी ठाकुरराम वल्द इन्दल नायक को भी उसके खेत में रबी फसल देखते समय एक भालू ने हमला कर घायल कर दिया. ठाकुर राम को भी स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है. दोनों का ही उपचार चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार दोनों ही खतरे से बाहर हैं. रेंजर यूआर बसंत ने तात्कालिक सहायता राशि एक-एक हजार रुपए परिक्षेत्र सहायक बुंदेली के माध्यम से प्रदाय किया है. बता दें कि गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के जंगलों में पानी सूख जाता है और वन्य प्राणी पानी के साथ भोजन की तलाश में ग्रामों की ओर प्रवेश कर जाते हैं जिससे इस तरह की घटनाएं होती हैं.
http://पुलिस-नक्सल मुठभेड़ में थाना प्रभारी शहीद, 4 नक्सली ढेर







