पिथौरा. नगर के समीप ग्राम किशनपुर निवासी लिंगराज बारीक के खेत में निकले कथित शिवलिंग के दर्शन के लिए अब प्रतिदिन हजारों की भीड़ पहुंचने लगी है. भीड़ का आलम यह है कि मालवाहक छोटे-बड़े वाहनों में सैकड़ों ग्रामीण एक साथ खड़े होकर किशनपुर पहुंच रहे हैं. किशनपुर मात्र अफवाहों के चलते आस्था का केंद्र बन गया है. यहां जमीन से निकले कथित शिवलिंग के दर्शनार्थ प्रदेश के दूरस्थ स्थानों के अलावा अन्य प्रांतों से भी लोग वाहनों में भर कर किशनपुर पहुंच रहे हैं. नगर के थाना चौक लहरौद चौक, बार चौक के अलावा बया की ओर से प्रतिदिन सैकड़ों की तादात में मालवाहक वाहनों में भर कर लोग किशनपुर पहुंच रहे हैं.
मुख्यमंत्री के आने की चर्चा से बढ़ी भीड़
बताया जा रहा है कि प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल पिथौरा विकासखण्ड में किशनपुर भेंट मुलाकात के लिए आने वाले हैं. मुख्यमंत्री के किशनपुर आगमन को कुछ लोगों ने शिवलिंग दर्शन हेतु आने की अफवाह फैला दी लिहाजा पूर्व से अंधविश्वास की जद में आए किशनपुर में लोगों का आना और भी तेजी से बढ़ गया. अब आलम यह है कि अलसुबह से शाम 6 बजे तक हजारों लोग शिवलिंग देखने पहुंच रहे हैं.
https://सस्ता स्मार्टफोन Vivo Y02 भारत में लॉन्च, 5000mAh बैटरी से है लैस
हजारों का नकद चढ़ावा, सप्ताह भर में ट्रक भर नारियल
स्वयं निकले शिवलिंग की अफवाह ने बाहर दूरस्थ क्षेत्र के लोगों के दिलों में ऐसी जगह बना ली है कि प्रतिदिन करीब 50 हजार रुपए तक का नकद चढ़ावा और सप्ताह भर में करीब एक ट्रक नारियल चढ़ावे में आ रहे हैं. इस चढ़ावे को ग्राम के ही तीन-चार लोगों की एक समिति बैंक में जमा करवा कर मंदिर बनाने की योजना तैयार कर रही है.
राजनीति भी किशनपुर पहुंची
किशनपुर में जनसैलाब उमड़ता देख राजनीति भी अपना रंग दिखाने लगी है. यहां भीड़ के बीच अपने प्रचार-प्रसार हेतु भाजपा के दो बड़े नेताओं ने उक्त स्थान पर मंदिर निर्माण हेतु लाखों का दान दिया है और स्थल पर ही अपना फ्लैक्स भी लगवा दिया है. लिहाजा इस दान ने भीड़ को और भी बढ़ाने का काम किया है.
https://पीएल पुनिया की छुट्टी, कुमारी शैलजा छत्तीसगढ़ कांग्रेस की नई प्रभारी
कभी भी हो सकता है गंभीर हादसा
शिवलिंग दर्शन हेतु दूर-दूर से मालवाहकों में भी जिस तरह पचास लोग खड़े-खड़े आ रहे हैं, उससे कभी भी किसी गंभीर हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता. कुछ ऐसे ही हालात लिंगराज बारीक के खेत के भी हैं. जहां दर्शन हेतु लंबी लाइन लग रही है. सोमवार को अत्यधिक भीड़ के कारण लाइन इतनी लंबी होती है कि दर्शन हेतु लोगों को 6-7 घण्टे तक लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है. उससे भगदड़ की स्थिति कभी भी निर्मित हो सकती है. बहरहाल, आस्था के नाम पर किशनपुर में उमड़ रहा जनसैलाब प्रशासन के लिए चुनोती बनने जा रहा है. हालांकि, अब तक यहां किसी तरह की पुलिस या अन्य सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है, पर यही हाल रहा तो कुछ ही दिनों में यहां की व्यवस्था प्रशासन के लिए सिरदर्द बन सकती है.







