रायपुर. भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आज भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आहूत की गयी थी जिसमें संगठन महामंत्री पवन साय एवं मोर्चा प्रभारी रामप्रताप सिंह ने मार्गदर्शन किया. बैठक में धान खरीदी में हीलाहवाली और बहानेबाजी, कर्जमाफी एवं विगत दो साल के बकाया बोनस देने दबाव डालने चर्चा कर रणनीति तैयार की गई. बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पूनम चन्द्राकर ने कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं. अपनी आदत के अनुरूप कांग्रेस की सरकार ने अपना असली चेहरा दिखा दिया. सरकार बताए कि विपक्ष में रहकर लगातार बोनस के नाम पर हल्ला करने वाले लोग दो साल के बकाया बोनस को लेकर खामोश क्यों हैं. इस बात का जवाब प्रदेश के किसान जानना चाहते हैं. गौ और गंगाजल की झूठी सौगंध खाने वालों ने सत्ता मिलने के बाद किसानों को बुरी तरह छला है.
http://जिला पंचायतों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए 18 को निकलेगी लॉटरी
जो लोग 15 अक्टूबर से धान खरीदी के नाम से हाय तौबा मचाते थे वह अब कुम्भकरण की नींद क्यों सो रहे हैं. उन्होंने कहा कि धान खरीदी को लेकर कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी. आधी अधूरी कर्जमाफी के कारण प्रदेश के किसानों को एनओसी नहीं मिला है, जिस वजह से आगामी रबी की फसल की ऋण के लिए किसान भटक रहे हैं. यह इस सरकार का वास्तविक चेहरा है. धान खरीदी के नाम से मुकरने वाले लोग 10 क्विंटल प्रति एकड़ लेने का जो षड़यंत्र कर रहे हैं वो किसानों के बीच आ चुका है. चन्द्राकर ने कहा कि घोषणा पत्र के अनुरूप कांग्रेस सरकार को धान खरीदी प्रारंभ करना ही होगा, अन्यथा भाजपा किसान मोर्चा प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी जिसकी जिम्मेदार कांग्रेस सरकार होगी. केन्द्र सरकार की किसानों के लिए लागू की गई किसान सम्मान निधि से वंचित करने वाले किसान विरोधी जानबूझ कर किसानों का सही डाटा केन्द्र को नहीं भेज रहे हैं, जिसके परिणाम स्वरूप प्रदेश के लाखों किसान सम्मान निधि से वंचित हैं. किसानों के नाम से राजनीति करने वाले दिल्ली की नौटंकी बंद कर धान खरीदी प्रारंभ करे. बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री द्वारिकेश पाण्डेय, भारत सिंह सिसोदिया, गौरीशंकर श्रीवास उपस्थित थे.
http://खल्लारी के साप्ताहिक बाजार से हस्ताक्षर अभियान शुरू







