रायपुर. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व सांसद सुनील सोनी ने प्रदेश के मंत्री मोहम्मद अकबर के निकाय चुनावों में कांग्रेस की जीत के दावे को महज खयाली-पुलाव पकाने की कवायद बताया है. उन्होने कहा कि कांग्रेस के मंत्री-विधायक और नेता भी इस हकीकत को स्वीकार कर रहे हैं कि सालभर के कांग्रेसी कुशासन के चलते इस बार भी कांग्रेस के हाथ कुछ नहीं आने वाला है. सोनी ने कहा कि मो. अकबर धमकी दे रहे हैं कि अगर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के पार्षद नहीं जीतते हैं और महापौर नहीं बनता है तो विकास नहीं होगा. ऐसे ही भूपेश मंत्रिमंडल के कवासी लखमा धमतरी में धमकी दे चुके हैं कि अगर यहां से कांग्रेस को नहीं जिताते हो तो विकास का सारा पैसा बस्तर चला जाएगा. सोनी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता हाथ जोड़ने से वोट देती है, धमकी देने से नहीं.
http://धान खरीदी केन्द्र में लापरवाही बरतने वाले दो नोडल अधिकारी निलंबित
उन्होंने भूपेश बघेल और उनके मंत्रिमंडल को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ की जनता को अभी तक नहीं समझा है. मंत्री अकबर के इस कथन पर कि अब हमारे पास सालभर की उपलब्धियों का ब्यौरा है, सोनी ने तंज कसा कि प्रदेश सरकार के उपलब्धियां प्रदेश के मतदाता छलावा, झूठ-फरेब और भ्रम की राजनीति, वादाखिलाफी के रूप में देख रहे हैं. सालभर में विकास की एक ईंट तक नहीं रख पाने वाली प्रदेश सरकार के सालभर के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवा, नागरिकों व महिलाओं की सुरक्षा दांव पर लगी हुई है. राजधानी के अंबेडकर अस्पताल में मुख्यमंत्री के पत्र के बावजूद प्रदेश सरकार मरीजों को संजीवनी कोष से इलाज की सुविधा तक तो दे नहीं पा रही है. क्या इन्हीं सारी अव्यवस्थाओं, परेशानियों को मंत्री अकबर अपनी सरकार की उपलब्धि मान बैठे हैं. सोनी ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी और धान खरीदी में प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी का जो प्रदर्शन हुआ है, मंत्री अकबर यह तय मान लें कि छला और ठगा गया प्रदेश का अन्नदाता किसान फसल बोने के बाद फसल काटना भी अच्छी तरह जानता है. सालभर के कुशासन और दुराग्रही राजनीतिक चरित्र के चलते कांग्रेस को नगरीय निकाय चुनावों में प्रदेश के मतदाता करारी शिकस्त देने का पक्का मन बना चुके हैं.
http://CAA पर यूपी के कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन, कई गाड़ियां फूंकीं







