पिथौरा. वन परिक्षेत्र के ग्राम बगारपाली में आज शुक्रवार अलसुबह से एक भालू पेड़ पर चढ़ा है. बताया जाता है कि भालू ग्राम के मुहाने पर महुआ खाने आया था, पर ग्रामीणों द्वारा भालू को भगाया गया तो भालू समीप के जामुन पेड़ पर चढ़ गया. जानकारी के अनुसार विकासखंड के ग्राम बगारपाली में शुक्रवार की अलसुबह एक भालू महुआ खाने ग्राम के समीप एक महुआ पेड़ के नीचे पहुचा ही था कि ग्रामीण एकत्र हो कर भालू को भगाने लगे. ग्रामीणों का हुजूम देख कर भालू भी डर कर समीप के जामुन पेड़ पर जा चढ़ा. भालू को पेड़ पर देख कर अब ग्रामीणों की उसे देखने भीड़ लग गई.
https://पीएम मोदी की परीक्षा पे चर्चा, बोले- अनुभव को बनाएं अपनी ताकत
रेंजर पहुंचे, स्टाफ लगाया
घटना की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा भालू की देखरेख करते हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो में मुनादी कराकर भालू के ग्राम के समीप के एक पेड़ पर होने की जानकारी देकर उस ओर जाने से मना किया गया है. इस संबंध में स्थानीय वन एसडीओ यूआर बसंत ने बताया कि घटनास्थल पर रेंजर को भेजा गया है. वे स्वयं भी दोपहर तक पहुंचेंगे. चूंकि गर्मी का मौसम है. भालू हरे-भरे पेड़ पर चढ़ा है. लिहाजा भालू की आदत के अनुसार वह आज दिन दोपहर में पेड़ से नीचे नहीं उतरेगा. शाम होते ही पेड़ से नीचे उतर कर जंगल की ओर चले जाने की संभावना है. बहरहाल, भालू एवं ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु वन अफसर स्वयं जुटे हैं.
https://महंगाई की मार : एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी
महुआ का भाव आसमान पर
इस वर्ष महुआ का भाव 60 रुपए प्रति किलो के आसपास बताया जा रहा है. लिहाजा इस वर्ष खेतों के अलावा ग्रामीण जंगल के महुआ पेड़ों को भी वन्य प्राणियों के लिए नहीं छोड़ रहे. कभी कोई वन्य प्राणी महुआ खाने आता भी है तो उसे सब ग्रामीण एकत्र होकर उन्हें भगा देते हैं.







