रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के पावन और गौरवशाली अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया कराने के लिए बड़ी सौगात दी. उन्होंने राज्य में आगामी शिक्षा सत्र के पूर्व राज्य के 422 स्कूलों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना लागू किए जाने की घोषणा की, जिसमें से 252 स्कूल बस्तर और सरगुजा संभाग में होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के शत-प्रतिशत शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का स्वरूप दिया जाएगा.
https://साहित्यकार शिवानंद मोहंती का निधन, शोक लहर
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमने सुधार के स्थाई उपाय किए, जिसके तहत पहले चरण में 14 हजार से अधिक शिक्षकों की स्थायी भर्ती शुरू की गई, जो अब अंतिम चरणों में है. इसके अतिरिक्त 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को उनकी मातृभाषा में ही प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करने के लिए हमने हिन्दी के अलावा 16 स्थानीय भाषाओं में तथा 4 पड़ोसी राज्यों की भाषाओं में पाठ्यपुस्तकें प्रकाशित कराई हैं. निःशुल्क पाठ्यपुस्तक योजना के तहत कक्षा पहली से कक्षा दसवीं तक सभी शासकीय-अशासकीय शालाओं और कक्षा आठवीं तक मदरसों के बच्चों को लगभग 52 लाख पाठ्यपुस्तकें प्रदान की जा रही हैं. नवमीं कक्षा में पढ़ने वाली 1 लाख 55 हजार छात्राओं को इस वर्ष निःशुल्क साइकिल देने का लक्ष्य रखा गया है.







