नई दिल्ली. एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की विसरा रिपोर्ट सामने आ गई है. इसमें यह लिखा गया है कि उनकी मौत में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नहीं थी. यह पूरी तरह से एक आत्महत्या का मामला है. विसरा रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत के शरीर में किसी भी तरह का संदिग्ध केमिकल या जहर नहीं पाया गया है. पोस्टमॉर्टम के बाद विसरा को मुंबई के जेजे अस्पताल में एनालिसिस के लिए भेजा गया था. विसरा रिपोर्ट में कहा गया है कि सुशांत की मौत से पहले किसी भी तरह के संघर्ष के संकेत नहीं मिले हैं. उनके नाखूनों से भी कुछ नहीं मिला है. बता दें कि सुशांत की फाइनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट पिछले हफ्ते आई थी.
http://पिछले 24 घंटे में कोरोना के 18653 नए मामले, 507 की मौत
इसमें बताया गया था कि सुशांत की मौत फांसी की वजह से दम घुटने से हुई थी. इस रिपोर्ट में मौत की वजह एस्फिक्सिया बताई गई थी यानी की शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन न मिल पाने की वजह से मौत. गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को मुंबई स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सुशांत ने ये कदम क्यों उठाया इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुशांत कई दिनों से डिप्रेशन में थे जिसके चलते उन्होंने ये कदम उठाया होगा. हालांकि अभी इस बारे में केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं अब तक जांच पूरी नहीं हुई है. इस मामले में पुलिस ने अभी तक कई लोगों से पूछताछ की है और जांच अभी जारी है.










