रजिंदर खनूजा
पिथौरा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद लोगों ने जनता कर्फ्यू को पूरा समर्थन दिया है. इसके साथ ही लोगों ने ताली-थाली बजाकर देश की सेवा में लगे लोगों का आभार भी व्यक्त किया. क्षेत्र में लॉकडाउन की अवधि 31 मार्च तक बढ़ा दी गई है. आज पुलिस ने इसकी जानकारी दी. कल से 31 मार्च तक आवश्यक सेवाएं को छोड़कर शेष संस्थान बन्द रहेंगे. कलेक्टर के निर्देश के बाद आज स्थानीय प्रशासन ने इस बात की घोषणा की. एसडीओपी पुपलेश पात्रे ने इस प्रतिनिधि को बताया कि आज नगरवासियों ने कोरोना वायरस से लड़ने की शुरुआत की है जिसमें आम लोगों एवं क्षेत्रवासियों ने अभूतपूर्व सहयोग दिया. नगर स्वस्फूर्त बन्द रहा. लोग अपने अपने घरों में बंद रहे. कहीं भी कोई बेकार घूमता नहीं मिला. आम लोगों के इस सहयोग का प्रशासन आभारी है.
http://छत्तीसगढ़ के नगरीय क्षेत्रों में 31 मार्च तक लॉकडाउन, अत्यावश्यक सेवाएं रहेंगी जारी
कोरोना से लड़ने थोड़ा वक्त और लगेगा इसलिए जिला प्रशासन के आदेश के बाद अब क्षेत्रवासियों को 31 तक और सहयोग करना है जिससे इस जानलेवा खतरनाक वायरस को खत्म किया जा सके. क्षेत्रवासियों से अपील है कि वे जनता कर्फ्यू की तरह रात 9 बजे के बाद भी अपने घरों में बने रहें तथा भीड़-भाड़ से बचें. आम लोगो की मदद के लिए प्रशासन सदैव उपलब्ध रहेगा. कल से जनता कर्फ्यू में आवश्यक सेवाएं बहाल रहेंगी पर होटल, ठेले एवं भीड़भाड़ वाले किसी भी संस्थान को खोलने की अनुमति नहीं दी गई है. किसी भी स्थान पर भीड़ जमा करने पर पूरी तरह रोक है. ग्रामीण क्षेत्रो में भी अब विकासखण्ड मुख्यालयों की तरह धारा 144 लागू कर दी गई है. आज जनता कर्फ्यू के दौरान शाम 5 बजे प्रायः पूरे नगर में बच्चों के साथ परिवार जन घर के बाहर दरवाजे में खड़े होकर सहयोग कर रहे पुलिस प्रशासन, डॉक्टर एवं मीडिया का आभार व्यक्त करने के लिए एक साथ थाली, ताली, शंख, ढोलक बजाकर अभिवादन किया. स्थानीय प्रशासन आम लोगों से बार बार अपील कर रही है कि वे अति आवश्यक होने पर ही घर से निकलें अन्यथा संक्रमण का खतरा हो सकता है. प्रशासन आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए ही शासन के निर्देश पर उक्त कार्रवाई कर रहा है इसलिए सभी से प्रशासन ने सहयोग की अपेक्षा रखता है.
http://हाथ धोते वक्त न करें कोई गलती, जानिए सही तरीका







