जशपुर. एक परिवार को मौत और सर्वनाश का डर दिखाकर ठगी करने वाले दो फर्जी बाबा को बगीचा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से कथित जादू-टोने से जुड़ी कुछ चीजें भी बरामद हुई हैं. आरोपियों के खिलाफ 420, 508, 34 भादवि के तहत कार्रवाई करते हुए रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया. संतोष यादव नामक व्यक्ति ने मामले की शिकायत की थी. जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष यादव के बेटे की डूबकर मौत हो गई थी, जिसके बाद बगीचा इलाके के रहने वाले सुरेन्द्र गिरी, संतोष गोस्वामी उससे मिलने आए और कहा कि तुम्हारा बच्चा मरा है, कुछ दिन बाद तुम लोग भी मरोगे, तुम्हारा पूरा परिवार भी मरेगा. बचना चाहते हो तो बकरे की बलि देनी होगी और 60 हजार रुपए की पूजा-पाठ करानी होगी.
http://40 किलो करील के साथ तीन गिरफ्तार
इससे डरा वह इनकी बातों में आ गया और ठगों की मांगी चीजें उन्हें दे दीं. दो दिन बाद जब फिर से आरोपियों ने 40 हजार रुपए की मांग की तो प्रार्थी और उसके परिवार को ठगी का एहसास हुआ और पैसा वापस करने दोनों से कहा. यह बात सुनते ही दोनों भागने और छुपने लगे. पुलिस के पास जब मामला पहुंचा तो ठग भागने की कोशिश में थे, इन्हें रौनी रोड से पकड़ लिया गया. आरोपियों ने बताया कि ठगी की रकम में से सिर्फ 20 हजार रुपए ही उनके पास हैं, बचे हुए रुपए उन्होंने खर्च कर दिए, बकरे को मारकर उसका मीट खा गए. आरोपियों ने धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर धातु के दो बड़े-बड़े लोटे भी लिए थे. यह सब कुछ पुलिस ने जब्त कर लिया.
http://एक मृत महिला की चार माह में दूसरी बार मौत !







