पिथौरा/कसडोल. अर्जुनी परिक्षेत्र के ग्राम सिरमाल निवासी श्रीराम बरिहा (50) हाथियों को देख भागते समय घायल हो गया. श्रीराम को बिलाईगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. ज्ञात हो कि इस परिक्षेत्र के सिरमाल, सरायपाली, गांजरडीह, बिलाड़ी एवं नगेड़ा के आस पास ग्रामीणों को वन विभाग के द्वारा लगातार समझाइश दी जा रही है बावजूद ग्रामीण मान नहीं रहे हैं. जानकारी के अनुसार रविवार अलसुबह प्रतिदिन की तरह वन ग्रामों के ग्रामीण महुआ बीनने जंगल गए थे. महुआ बीनते समय ग्रामीणों की नजर अचानक हाथियों के झुंड पर पड़ी. हाथियों को देखते ग्रामीण घबरा गए और सभी आनन-फानन में गांव की ओर भागने लगे.
http://घरों में घुसकर तेल पी रहे भालू, ग्रामीण परेशान
भाग दौड़ की आपाधापी में श्रीराम गिर गया. गिरने के कारण उसके घुटने में चोट आई. उन्हे इलाज हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलाईगढ़ भेजा गया. इलाज हेतु वन परिक्षेत्र अधिकारी टीआर वर्मा ने 5000 रुपए की तत्कालिक सहायता प्रदान की. बहरहाल वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुनी के द्वारा ग्रामीणों को लगातार आगाह किया जा रहा है, कि वे सूर्योदय के बाद ही महुआ बीनने ग्राम के आसपास तक जाएं. अंधेरे में महुआ बीनने न जाएं. चूंकि गर्मी के मौसम में वन्य प्राणियों में खूंखार तेंदुआ और भालुओं के आने की संभावना रहती है वहीं वर्तमान में माहभर से हाथियों के एक झुंड का भी इस क्षेत्र में मौजूद होने से खतरा बना रहता है.







