जगदलपुर. रायपुर-जगदलपुर मुख्यमार्ग NH-30 में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. इस हादसे में दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौत हो गई. जबकि कई घायल हो गए. इनमें 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों का कोंडागांव जिला अस्पताल में इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रायपुर में हुए प्रदर्शन के बाद स्कॉर्पियो से बीजापुर लौट रही थीं. कोहरा ज्यादा होने और वाहन चालक को झपकी आने की वजह से बनियागांव में यह हादसा हुआ.
https://BMW iX Electric SUV भारत में लॉन्च, एक बार चार्जिंग पर चलेगी 425Km
हादसा इतना जबरदस्त था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद काफी देर घायल वाहन में ही फंसे रहे. वाहन में ड्राइवर समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें 2 महिलाएं यशोदा और पार्वती की मौके पर ही मौत हो गई. मार्ग से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस 108 को हादसे की सूचना दी. मौके पर मौजूद आस-पास के ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया. बाद 108 से सभी को कोंडागांव जिला अस्पताल लाया गया. फिलहाल पुलिस सभी के नाम पता कर परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है.







