रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से गोधन न्याय योजना अंतर्गत पशुपालक ग्रामीणों, गौठानों से जुड़ी महिला समूहों और गौठान समितियों को 8 करोड़ 63 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन जारी की. इस योजना के हितग्राहियों को अब तक 412.19 करोड़ रूपए का भुगतान किया जा चुका है. इसके साथ ही इस योजना के शुरू होने से अब तक कुल 105 लाख 63 हजार क्विंटल गोबर की खरीदी की जा चुकी है इसके एवज में गोबर विक्रेताओं को आज 4.76 करोड़ रुपए के भुगतान के बाद 211 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि प्रदान कर दी गई है.
https://4.44 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ अपचारी बालक समेत तीन पकड़ाए
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौपालकों, पशुपालकों, महिला समूहों तथा गौठान समितियों को बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना से लाभान्वित पशुपालकों में 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और गोबर खरीदी में 85 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि कल हमने शिवाजी की मूर्ति का अनावरण किया, वह मूर्ति प्राकृतिक पेंट द्वारा पोताई की गई थी, यह अच्छी बात है कि गोबर से बनाए पेंट का आमजनता द्वारा उपयोग किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतरित की जा रही कुल राशि में से 04 करोड़ 76 लाख रुपए का भुगतान गोबर खरीदी के एवज में की गई. इसमें से 02 करोड़ 6 लाख रुपए की राशि विभाग द्वारा और 02 करोड़ 70 लाख रुपए की राशि स्वावलंबी गौठानों द्वारा भुगतान की गई है.







