रायपुर. कलेक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने सोमवार को देवेन्द्र नगर सेक्टर के स्ट्रीट नंबर-22 पहुंचकर रायपुर स्मार्ट सिटी लि. द्वारा रायपुर शहर में लगाए जा रहे डिजिटल डोर नंबर की विस्तार से जानकारी ली. शहर के सभी 3.15 लाख घरों पर डिजिटल डोर नंबर लगाए जाने से मकान मालिक को विभिन्न करों के भुगतान, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नल कनेक्शन सहित 26 तरह की आवश्यक व आपातकालीन सेवाएं घर बैठे सुगमतापूर्वक प्राप्त होगी. डिजिटल डोर नंबर के माध्यम से मकान मालिक को ई-गवर्नेंस माड्यूल से जुड़ी 26 सेवाएं घर पर लगे यूनिक डिजिटल प्लेट में छपे क्यूआर कोड को स्कैन करने से बड़ी आसानी से प्राप्त होगी. इसके लिए महापौर एजाज ढेबर की उपस्थिति में इंडसइंड बैंक व रायपुर स्मार्ट सिटी के मध्य 25 जून 2022 को करार हुआ था और अब इस परियोजना पर कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है.
https://SA सीरीज से हुड्डा-पांड्या बाहर, इन खिलाड़ियों को मिला मौका
रायपुर स्मार्ट सिटी लि. के प्रबंध संचालक मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि सभी मकानों का पृथक से एक यूनिक नंबर तैयार कर क्यूआर कोड के साथ प्लेट के रूप में घर-घर लगाया जा रहा है. इस यूनिक नंबर से सम्पत्ति कर, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नल कनेक्शन, नामांतरण, भवन अनुज्ञा, नियमितीकरण सहित 26 जरूरी सेवाओं के साथ-साथ, पुलिस, एम्बुलेंस, फ़ायर ब्रिगेड की आपातकालीन सेवाएं घर बैठे सुगमतापूर्वक मिलेगी. घर की स्पष्ट पहचान होने से डोर-टू-डोर डिलीवरी सुविधा भी इससे आसान हो जाएगी. इसके अलावा इस डिजिटल नंबर के माध्यम से सभी संपत्ति मालिकों को अपना संपत्ति आईडी भी प्राप्त होगा. रायपुर के देवेन्द्र नगर सेक्टर से डिजिटल डोर नंबर लगाने की शुरूआत कर दी गई है और 6 माह में सभी घरों में डिजिटल डोर नंबर लगा दिए जाएंगे.
https://फेक न्यूज फैलाने वाले 10 Youtube चैनलों के 45 वीडियो ब्लॉक







