बलौदाबाजार. खरीदे गए धान के उपार्जन केन्द्रों से उठाव कार्य में सौंपे गए दायित्व का निर्वहन नहीं किए जाने पर उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं डीआर ठाकुर को शो कॉज नोटिस जारी किया गया है. श्री ठाकुर ने इस काम को गंभीरता से लेकर पूर्ण कराने के बजाय कलेक्टर की अनुमति के बगैर आज मुख्यालय से बाहर भी चले गए हैं. कलेक्टर ने आज जारी नोटिस में कहा है कि उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ठाकुर को शेष धान वाले उपार्जन केन्द्रों का दौरा कर सप्ताह अंत तक शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे. कलेक्टर ने इस संबंध में आज फिर से प्रगति की समीक्षा की. जिसमें पाया गया कि अब तक उठाव कार्य में कोई प्रगति नजर नहीं आई है.
गौरतलब है कि जिले की विभिन्न उपार्जन केन्द्रों पर फिलहाल 23 हजार क्विंटल से ज्यादा धान पड़ा हुआ है. इसमें उप पंजीयक द्वारा अपने पदीय दायित्व का समुचित निर्वहन नहीं किए जाने के फलस्वरूप ये स्थिति निर्मित हो रही है. श्री ठाकुर की आज खोजबीन किए जाने पर ज्ञात हुआ कि वे बिना कलेक्टर की अनुमति के मुख्यालय से बाहर चले गए हैं, जो कि एक सरकारी अधिकारी के लिए अत्यंत आपत्तिजनक है. श्री ठाकुर से तीन दिवस के अंदर नोटिस का जवाब तलब किया गया है. समय-सीमा में जवाब नहीं मिलने पर इसे मौन सहमति मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव अनुशंसा सहित राज्य शासन को भेजा जाएगा.
http://कैश वैन लूटने वाले बदमाश गिरफ्तार, हथियारों के साथ लूट की रकम बरामद







