बलौदाबाजार. जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा गावों में भू-जल स्तर एवं कृषि सुविधा में विस्तार हेतु लगातार गावों का निरीक्षण कर रहे हैं. जिसके अंतर्गत ग्राम संकरी, करेली, बुडगहन, भटभेरा, कुथरौद, हिरमी, पड़कीडीह, चंडी पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया. इस दौरान ग्राम भटभेरा में ग्रामीणों की शिकायत पर गोधन न्याय योजना एवं मनरेगा के कार्यों में लापरवाही बरतने के चलते सचिव श्रवण कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया है. निलबंन के अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी तथा इनका मुख्यालय जनपद पंचायत सिमगा होगा. श्री वर्मा निरीक्षण के दौरान बाइक से कार्य स्थलों पर भी पहुंच रहे हैं.
https://दिवाली से पहले दी जाएगी राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त : सीएम
इस दौरान किसानों से चर्चा कर सिंचाई हेतु हर खेत के लिए जल अभियान एवं सिंचाई की सुविधा विकसित करने की योजना के संबंध में विस्तृत चर्चा कर रहे हैं. योजना के तहत जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी सभी दौरे में उपस्थित हो रहे हैं. जिले के अधिकांश गांवों में जलस्तर की गिरावट एवं यहां असिंचित क्षेत्र का रकबा अधिक होने के कारण यह अनूठी पहल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के नेतृत्व में उनकी टीम द्वारा प्रारंभ की गई है. पहले चरण में जिन जिन गांवों में पानी की अत्याधिक समस्या होती है, सर्वप्रथम उन ग्रामों का चयन किया गया है. वहां उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर जल स्तर और सिंचाई की सुविधा को बढ़ाई जाएगी.







