रायगढ़. खरसिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के खिलाफ पंचायत सचिव संघ ने मोर्चा खोल दिया है. निर्माण कार्यों के चेक जारी करने के बदले बेवजह पैसे की मांग और अनावश्यक कारण बताओ नोटिस जारी होने का आरोप लगाते हुए पंचायत सचिवों ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर सीईओ के तबादले की मांग की है. वहीं मांग पूरी नहीं होने पर कलम-बंद हड़ताल की चेतावनी भी दी है. रायगढ़ कलेक्टर भीम सिंह के नाम दिए गए ज्ञापन में प्रदेश पंचायत सचिव संघ ने कहा कि जनपद पंचायत खरसिया के सीईओ आर.डी साहू के द्वारा निर्माण कार्यों के चेक जारी करने के एवज में अनावश्यक रूप से पैसों की डिमांड की जाती है, साथ ही चेक देने में जानबूझकर लेटलतीफी भी की जा रही है. जिससे निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं.
http://EVM को राहुल गांधी ने बताया MVM यानी ‘मोदी वोटिंग मशीन’
वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी आएदिन पंचायत सचिवों को बगैर ठोस कारण के कारण बताओ नोटिस भी जारी करते रहते हैं. लिहाजा मानसिक प्रताड़ना झेलने के कारण पंचायत सचिव अपने दायित्व का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन भी नहीं कर पाते. ऐसे में पंचायत सचिव संघ ने वर्तमान सीईओ की अन्यत्र स्थापना की पुरजोर वकालत करते हुए खरसिया से अपदस्थ करने की मांग की है. वहीं सीईओ के स्थानांतरण नहीं होने पर पंचायत सचिवों ने काम-बंद कलम-बंद हड़ताल का रुख अख्तियार करने का भी ऐलान किया है. ज्ञापन सौंपने वालों में पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष रोहित पटेल, सचिव मुकेश गवेल, कोषाध्यक्ष शौकीदास महंत, उपाध्यक्ष सागर महंत व राखी खूंटे के साथ देवकुमार पाण्डे, माधुरी वैष्णव, रोहिणी नायक, सुरेंद्र साहू, विजय चौधरी, माधव डनसेना, रामाधार डनसेना, बसंत भारद्वाज, बाबूलाल राठिया तथा बीना सिदार प्रमुख रूप से शामिल रहे.
http://विक्रेताओं को मिठाई के निर्माण और वैधता तिथि बताना अनिवार्य
पंचायत सचिव संघ बीते 29 अक्टूबर को बैठक आयोजित कर यह स्पष्ट कर चुका है कि जनपद पंचायत खरसिया के तकनीकी सहायकों द्वारा मनरेगा के कामों में मूल्यांकन करने के बदले पैसों की मांग की जाती है. वहीं बिल बाउचर के एंट्री में विलंब करने वाले तकनीकी सहायकों की इन हरकतों से निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. लिहाजा इस पर भी उचित कार्रवाई की मांग पंचायत सचिवों ने की है. पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष रोहित पटेल ने कहा कि सीईओ साहब की प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर जिलाधीश महोदय से निवेदन किया गया है, कलेक्टर सर ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.







